फडणवीस ने राउत के दावे को किया खारिज
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को दक्षिण मुंबई स्थित मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास 'वर्षा' में शिफ्ट न होने के पीछे अंधविश्वास से जुड़े दावों को नकारा। उन्होंने कहा कि वह अपनी बेटी की बोर्ड परीक्षा खत्म होने के बाद 'वर्षा' बंगले में शिफ्ट हो जाएंगे।
बता दें कि यह बयान शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत द्वारा किए गए दावे के बाद आया, जिसमें उन्होंने कहा था कि एकनाथ शिंदे की गुवाहाटी यात्रा के दौरान कामाख्या मंदिर में बलि दी गई भैंसों को सीएम आवास 'वर्षा' के परिसर में दफनाया गया था, ताकि मुख्यमंत्री का पद केवल शिंदे के पास ही रहे। सीएम फडणवीस ने राउत के इस बयान को खारिज करते हुए कहा कि शिंदे के जाने के बाद वह 'वर्षा' बंगले में शिफ्ट हो जाएंगे। फिलहाल, वह 'सागर' बंगले में रह रहे हैं क्योंकि उनकी बेटी ने परीक्षा के बाद शिफ्ट होने का अनुरोध किया था।
धनंजय मुंडे का समर्थन करने पर आपत्ति जताने के बाद वंजारी समुदाय का कार्यक्रम रद्द
महाराष्ट्र के पुणे जिले के देहू में शुक्रवार को होने वाला वंजारी समुदाय के आध्यात्मिक गुरु नामदेव शास्त्री का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। उनका 'कीर्तन' कार्यक्रम मराठा संगठनों के विरोध और स्थानीय पुलिस द्वारा जारी चेतावनी के बाद रद्द कर दिया गया है। बता दें कि आध्यात्मिक गुरु नामदेव शास्त्री ने हाल ही में राकांपा से मंत्री धनंजय मुंडे का समर्थन किया था।
आध्यात्मिक गुरु नामदेव शास्त्री ने दावा किया था कि मुंडे को निशाना बनाया जा रहा है। बाद में उन्होंने मारे गए सरपंच देशमुख के परिवार से मुलाकात के बाद उन्हें अपना समर्थन भी दिया।