फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maha Kumbh 2025: 'पीड़ितों की हरसंभव मदद करें', महाकुंभ को लेकर खरगे की अपील; मायावती-अखिलेश ने कही यह बात

Wed, 29 Jan 2025 10:14 AM IST
अभिषेक दीक्षित न्यूज डेस्क, अमर उजाला, प्रयागराज

सार

महाकुंभ मेले में भगदड़ जैसी घटना होने के बावजूद श्रद्धालुओं का आना जारी है। मेला प्रशासन के मुताबिक, बुधवार को मौनी अमावस्या के शुभ अवसर पर सुबह आठ बजे तक 2.78 करोड़ लोगों ने गंगा और संगम में आस्था की डुबकी लगाई।
विज्ञापन
1 of 6
महाकुंभ पर प्रतिक्रिया - फोटो : Amar Ujala
प्रयागराज महाकुंभ मेले में बुधवार तड़के मौनी अमावस्या के अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं के उमड़ने के बाद भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हादसे में कई लोगों के घायल होने की सूचना है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कुंभ मेले की स्थिति को लेकर बात की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर श्रद्धालुओं से अपील की कि जो लोग मां गंगा के जिस घाट के समीप हैं, वे वहीं स्नान करें और संगम नोज की ओर जाने का प्रयास न करें।
Trending Videos
विज्ञापन

2 of 6
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव। - फोटो : amar ujala
लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना: अखिलेश
समाजवादी पार्टी के मुखिया और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने हादसे पर दुख जताया। उन्होंने कहा, 'महाकुंभ में अव्यवस्थाजन्य हादसे में श्रद्धालुओं के हताहत होने का समाचार बेहद दुखद है। श्रद्धांजलि! हमारी सरकार से अपील है कि गंभीर रूप से घायलों को एअर एंबुलेंस की मदद से निकटतम सर्वश्रेष्ठ हॉस्पिटलों तक पहुंचाकर तुरंत चिकित्सा व्यवस्था की जाए। मृतकों के शवों को चिन्हित करके उनके परिजनों को सौंपने और उन्हें उनके निवास स्थान तक भेजने का प्रबंध किया जाए।'

उन्होंने कहा, 'जो लोग बिछड़ गए हैं, उन्हें मिलाने के लिए त्वरित प्रयास किए जाएं। हेलीकॉप्टर का सदुपयोग करते हुए निगरानी बढ़ाई जाए। सतयुग से चली आ रही ‘शाही स्नान’ की अखण्ड-अमृत परंपरा को निरंतर रखते हुए राहत कार्यों के समानांतर सुरक्षित प्रबंधन के बीच ‘मौनी अमावस्या के शाही स्नान’ को संपन्न कराने की व्यवस्था की जाए।'

अखिलेश ने कहा कि श्रद्धालुओं से भी हमारी अपील है कि वो इस कठिन समय में संयम और धैर्य से काम लें और शांतिपूर्वक अपनी तीर्थयात्रा संपन्न करें। सरकार आज की घटना से सबक लेते हुए श्रद्धालुओं के रुकने, ठहरने, भोजन-पानी व अन्य सुविधाओं के लिए अतिरिक्त प्रबंध करे। हादसे में आहत हुए सभी लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना।
विज्ञापन

3 of 6
बीएसपी सुप्रीमो मायावती। - फोटो : पीटीआई
घटना अति-दुःखद व चिंतनीय: मायावती
बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो और पूर्व सीएम मायावती ने कहा, 'प्रयागराज की संगम स्थली पर महाकुंभ में हुई भगदड़ में जिन भी श्रद्धालुओं ने अपनी जान गंवाई है व घायल हुए है। यह घटना अति-दुःखद व चिंतनीय है। ऐसे समय में कुदरत पीडि़तों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति दे, पार्टी की यही कामना है।

4 of 6
पीएम मोदी पर जमकर बरसे कांग्रेस अध्यक्ष - फोटो : ANI
खरगे ने अपने कार्यकर्ताओं से अपील की
हादसे को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अपने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पीड़ितों को हर संभव मदद करें। उन्होंने कहा, 'महाकुंभ के दौरान तीर्थराज संगम के तट पर हुई भगदड़ से कई लोगों की जान गई है और अनेकों लोगों के घायल होने का समाचार बेहद हृदयविदारक है। श्रद्धालुओं के परिजनों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं और घायलों की शीघ्रातिशीघ्र स्वास्थ्य लाभ की हम कामना करते हैं।' 

उन्होंने सरकार को भी आड़े हाथ लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि आधी अधूरी व्यवस्था, वीआईपी मूवमेंट, प्रबंधन से ज्यादा स्वप्रचार पर ध्यान देना और बदइंतजामी इसके के लिए जिम्मेदार है। हजारों करोड़ खर्च करने के बावजूद ऐसी व्यवस्था होना निंदनीय है। अभी कई महत्वपूर्ण शाही स्नान बचे हैं तो केंद्र और राज्य सरकारों को अब चेत जाना चाहिए और व्यवस्था को सुधारना चाहिए ताकि आगे ऐसी अप्रिय घटनाएं न हों। 

उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के ठहरने, भोजन, प्राथमिक चिकित्सा व मूवमेंट आदि की व्यवस्था में विस्तार करना चाहिए और वीआईपी मूवमेंट पर लगाम लगानी चाहिए। यही हमारे साधु संत भी चाहते हैं। कांग्रेस के हमारे कार्यकर्ताओं से अनुरोध है कि पीड़ितों को हर संभव मदद करें।
विज्ञापन

5 of 6
अरविंद केजरीवाल और राहुल गांधी। - फोटो : अमर उजाला
'प्रशासन के निर्देशों का पालन करें'
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा, 'महाकुंभ में हुई भगदड़ की घटना बेहद दुखद है। इस हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं। ईश्वर उनके परिवारों को यह अपार दुःख सहने की शक्ति दें। सभी श्रद्धालुओं से विनम्र अपील है कि धैर्य बनाए रखें और सावधानी बरतें। प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और एक-दूसरे की सुरक्षा का ध्यान रखें।'

राहुल गांधी ने घटना को अत्यंत दुखद बताया
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि प्रयागराज महाकुंभ में भगदड़ के कारण कई लोगों के मौत और कईयों के घायल होने की खबर अत्यंत दुखद है। शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की आशा करता हूं। इस दुखद घटना के लिए कुप्रबंधन, बदइंतजामी और आम श्रद्धालुओं की जगह VIP मूवमेंट पर प्रशासन का विशेष ध्यान होना जिम्मेदार है। अभी महाकुंभ का काफी समय बचा हुआ है, कई और महास्नान होने हैं। आज जैसी दुखद घटना आगे न हो इसके लिए सरकार को व्यवस्था में सुधार करना चाहिए।  VIP कल्चर पर लगाम लगनी चाहिए और सरकार को आम श्रद्धालुओं के जरूरतों की पूर्ति के लिए बेहतर इंतजाम करने चाहिए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं से अनुरोध करता हूं कि पीड़ित परिवारों की मदद करें।
विज्ञापन
विज्ञापन

6 of 6
Maha Kumbh 2025 - फोटो : PTI
अभी तक 19.94 करोड़ श्रद्धालु स्नान कर चुके
महाकुंभ मेले में भगदड़ जैसी घटना होने के बावजूद श्रद्धालुओं का आना जारी है। मेला प्रशासन के मुताबिक, बुधवार को मौनी अमावस्या के शुभ अवसर पर सुबह आठ बजे तक 2.78 करोड़ लोगों ने गंगा और संगम में आस्था की डुबकी लगाई। मेला प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, मौनी अमावस्या पर सुबह आठ बजे तक 10 लाख से अधिक कल्पवासियों समेत कुल 2.78 करोड़ श्रद्धालुओं ने गंगा और संगम में स्नान किया। 13 जनवरी को शुरू हुए महाकुंभ मेले में अभी तक 19.94 करोड़ श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें