सत्ता के महासंग्राम में गुरुवार को दूसरे चरण में यूपी की आठ सीटों सहित 11 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की 95 लोकसभा सीटों पर मतदान हुआ। देशभर में 1.81 लाख मतदान केंद्रों पर शाम छह बजे तक वोट डाले गए। दूसरे चरण में तमिलनाडु की 38 लोकसभा सीटों, कर्नाटक की 14, महाराष्ट्र की 10, बिहार, असम और ओडिशा की 5-5, प. बंगाल व छत्तीसगढ़ की 3-3, जम्मू-कश्मीर की 2, मणिपुर और पुड्डुचेरी की 1-1 सीटों पर मतदान हुआ। इसके साथ ही उड़ीसा विधानसभा की 35 सीटों के लिए भी वोट डाले गए। इस चरण में 15.80 करोड़ मतदाताओं ने 1,602 प्रत्याशियों के सियासी भविष्य का फैसला किया। यूपी की मथुरा, आगरा, फतेहपुर सीकरी, नगीना, अमरोहा, बुलंदशहर, अलीगढ़ और हाथरस सीट पर 1.41 करोड़ मतदाताओं 85 प्रत्याशियों का भाग्य तय किया। इस दौरान कहीं दिग्गज नेताओं ने परिवार सहित वोट डाला तो कहीं, बुजुर्ग मतदाता वोट डालने पहुंचे, कहीं नवविवाहित जोड़े ने मतदान किया। कहीं कहीं हिंसा हुई और ईवीएम में खराबी के भी वाकये सामने आए। मतदान के दौरान किस तरह के रंग नजर आए देखिए।