जेडी वेंस का भारत दौरा
- फोटो : PTI
वेंस का दौरा अहम क्यों, भारत ने कैसे साधे समीकरण?
वेंस की भारत यात्रा का समय इसलिए बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि पूरी दुनिया अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के जवाबी टैरिफ से हिली हुई है। दुनिया का हर देश इससे बचने के लिए अमेरिका से द्विपक्षीय व्यापार समझौते की होड़ में है। हालांकि, भारत को इसमें बढ़त हासिल है क्योंकि टैरिफ की घोषणा से पहले ही फरवरी में पीएम मोदी की वाशिंगटन में ट्रंप से भेंट के दौरान द्विपक्षीय समझौते पर आगे बढ़ने को लेकर सहमति बन गई थी। माना जा रहा है, सोमवार को मोदी-वेंस की भेंट में भी यह मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया है।
बीते तीन महीने में दूसरी बार जेडी वेंस के साथ एक अनौपचारिक मुलाकात की मेज पर मिले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस दौरे की अहमियत बखूबी जानते हैं। लिहाजा वैंस परिवार के छोटे से छोटे सदस्य के लिए भी न तो तवज्जो में कोई कमी की गई और न आवभगत में। पीएम मोदी और उपराष्ट्रपति वैंस के बीच भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते को लेकर चल रही बातचीत से लेकर ऊर्जा, रक्षा और रणनीतिक प्रौद्योगिकी समेत कई मोर्चों पर चल रही साझेदारी पर बात हुई। इस हफ्ते ही भारत के वाणिज्य मंत्रालय का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर वार्ता आगे बढ़ाने के लिए अमेरिका जा रहा है। ऐसे में इस दौरे की अहमियत काफी बढ़ गई है।