केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने बुधवार को कहा कि अब समय आ गया है कि भारत 'एक धरती, एक स्वास्थ्य' के दृष्टिकोण को साकार करने में अग्रणी भूमिका निभाए और इसे 'वसुधैव कुटुंबकम' के दर्शन के अनुरूप बनाए। 'भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) भागीदारी शिखर सम्मेलन-2023' को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत के पास नए अनुसंधान और प्रौद्योगिकी समर्थित समाधानों का नेतृत्व करने की मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति है, जो सार्वभौमिक स्वीकार्यता के साथ व्यावसायिक रूप से व्यावहारिक हैं। शिखर सम्मेलन की थीम "एक स्वास्थ्य: सर्वोत्तम के लिए एकीकृत, सहयोगात्मक और बहुक्षेत्रीय दृष्टिकोण' है।