फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Delhi Blast Photo: शाम 6.52 का वक्त.. लाल किले के करीब धीमी हुई कार, सिग्नल के पास हुए धमाके से दहल उठी दिल्ली

Mon, 10 Nov 2025 08:31 PM IST
हिमांशु चंदेल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

Delhi Blast: दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर एक के पास जोरदार धमाका होने के बाद अफरा-तफरी मच गई। शाम करीब 6 बजकर 52 मिनट पर लाल किले के सामने बनी सड़क- सुभाष मार्ग से गुजर रही कार सिग्नल के पास धीमी हुई और तभी दिल दहलाने विस्फोट हुआ। चलती कार में अचानक हुए धमाके की चपेट में आसपास खड़ी गाड़ियां भी आई। जानमाल का भारी नुकसान हुआ। विस्फोट के बाद घटनास्थल से सामने आई तस्वीरों में दिख रहा मंजर विचलित करने वाला है

विज्ञापन
1 of 9
लालकिला मेट्रो स्टेशन के पास धमाका - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के इतिहास में 10 नवंबर, 2025 की तारीख बुरे सपने की तरह दर्ज हो गई। लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास चलती कार में बड़ा धमाका हुआ। धमाका इतना भीषण था कि आस-पास मौजूद कई गाड़ियां इसकी चपेट में आ गईं। धमाके में 10 लोगों की मौत हुई जबकि 20 से अधिक लोग घायल हुए।
विज्ञापन

2 of 9
दिल्ली में धमाके के बाद घायलों को अस्पताल ले जाती एंबुलेंस - फोटो : PTI
विस्फोट के बाद दिल्ली-यूपी से लेकर बिहार और मुंबई तक अलर्ट जारी
लाल किले के पास धमाके के बाद आग लगने की सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य चलाने वाली एजेंसियों ने मिलकर आग पर काबू पाया और हताहतों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीम भी जांच करने पहुंची। विस्फोट के बाद दिल्ली और यूपी के अलावा मुंबई और बिहार में भी अलर्ट जारी किया गया है।
विज्ञापन

3 of 9
दिल्ली में धमाके के बाद की तस्वीरें - फोटो : PTI

अमित शाह ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर से फोन पर की बात
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस कमिश्नर से बात की और पूरे मामले की विस्तृत जानकारी ली। नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (एनएसजी), राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) और फॉरेंसिक विभाग की टीमों ने घटनास्थल से अहम सबूत जुटाए। गृह मंत्री ने खुफिया विभाग (आईबी) के निदेशक से भी जानकारी ली।

4 of 9
दिल्ली में धमाके के बाद की तस्वीरें - फोटो : PTI

पलक झपकते कार और उसके पास खड़ी गाड़ियां बनी आग का गोला
विस्फोट के समय लाल किले के पास मौजूद कई चश्मदीदों ने बताया, धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के घरों में भी कंपन महसूस हुआ। नजदीकी दुकानों की खिड़कियां चकनाचूर हो गईं। आंखों देखी बयां करने वाले एक अन्य शख्स के मुताबिक, 'हम कुछ समझ पाते उससे पहले ही वह कार और उसके पास खड़ी गाड़ियां आग के गोले में तब्दील हो गईं।' आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी, जिसके बाद राहत कार्य शुरू हुआ।

विज्ञापन

5 of 9
दिल्ली में धमाके के बाद की तस्वीरें - फोटो : PTI
धमाके के बाद क्या बोले दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा?
दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा ने बताया कि शाम करीब छह बजकर 52 मिनट पर एक धीमी गति से चल रही गाड़ी में सुभाष मार्ग पर बने ट्रैफिक सिग्नल के पास अचानक विस्फोट हुआ। धमाके की तीव्रता इतनी थी कि आसपास खड़ी कई गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं। विस्फोट में कई लोग हताहत हुए हैं। पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।
विज्ञापन

6 of 9
लाल किले के पास धमाके के बाद मौके पर पहुंची पुलिस - फोटो : PTI
विस्फोटक या कुछ और... जांच में जुटी पुलिस
पुलिस या फॉरेंसिक एक्सपर्ट की तरफ से फिलहाल यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि धमाके में किस प्रकार के विस्फोटक का इस्तेमाल हुआ। ब्लास्ट के कारणों की जांच की जा रही है। जांच एजेंसियां हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हैं। पुलिस के अनुसार यह धमाका सामान्य नहीं था, क्योंकि इसकी आवाज और विस्फोट का प्रभाव बेहद शक्तिशाली था। घटना के वक्त लाल किले के नजदीक इस इलाके में आम लोग बड़ी संख्या में मौजूद थे।
विज्ञापन

7 of 9
दिल्ली धमाके के बाद घटनास्थल पर पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह - फोटो : एएनआई
लाल किला मेट्रो स्टेशन के दोनों गेट बंद
लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास धमाके के बाद गेट नंबर -एक और चार को बंद कर दिया गया। दोनों मेट्रो स्टेशन भूमिगत हैं। एक नंबर मेट्रो गेट चांदनी चौक और चार नंबर लाल किले की तरफ खुलता है। विस्फोट के बाद फॉरेंसिक टीम ने मौके से नमूने जुटाए। बाद में गृह मंत्री शाह ने भी पुलिस के आला अधिकारियों के साथ जाकर घटनास्थल पर जाकर हालात की समीक्षा की। 

8 of 9
घटनास्थल पर पुलिस तैनात - फोटो : PTI
महाराष्ट्र में भी अलर्ट, सुरक्षा बढ़ाई गई
दिल्ली में हुए धमाके से कुछ ही घंटे पहले हरियाणा के फरीदाबाद से 360 किलोग्राम संदिग्ध अमोनियम नाइट्रेट बरामद हुआ था। धमाके के तार कहां से जुड़े हैं, एजेंसियां इसकी पड़ताल कर रही हैं, लेकिन राष्ट्रीय राजधानी के हाई सिक्योरिटी जोन में हुए दिल दहलाने वाले ब्लास्ट के बाद महाराष्ट्र से लेकर राजस्थान और बिहार तक सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर पुलिस को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। गृह विभाग ने सभी एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा है।
विज्ञापन

9 of 9
घायलों को ले जाती एंबुलेंस - फोटो : PTI
उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट घोषित
धमाके के बाद दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश में भी हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। एडीजी (कानून-व्यवस्था) अमिताभ यश ने बताया कि डीजीपी ने सभी वरिष्ठ अधिकारियों को संवेदनशील धार्मिक स्थलों, जिलों और सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। सभी जिलों में पुलिस को अलर्ट पर रखा गया है। राजधानी लखनऊ से गश्त व जांच बढ़ाने के आदेश भी जारी किए गए हैं।


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें