फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ED: संजय राउत ही नहीं ईडी के निशाने पर अलग-अलग पार्टियों के कई नेता, जानें कार्रवाई की जद में कौन-कौन?

Mon, 01 Aug 2022 09:04 PM IST
कीर्तिवर्धन मिश्र न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

हालिया दिनों में राउत कोई पहले नेता नहीं हैं, जिस पर प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई हुई हो। इससे पहले भी शिवसेना से लेकर महाविकास अघाड़ी गठबंधन के नेताओं पर इस एजेंसी ने छापेमारी कर आरोप तय किए हैं। 
विज्ञापन
1 of 10
ईडी की जद में ये बड़े-बड़े नेता। - फोटो : अमर उजाला।
पात्रा चॉल केस मामले में प्रवर्तन निदेशालय की जांच के जद में आए संजय राउत पर एजेंसी की कार्रवाई जारी है। ईडी ने उन्हें रविवार देर रात अरेस्ट कर लिया। सोमवार को उन्हें मुंबई की पीएमएलए कोर्ट में पेश किया गया, जहां उन्हें चार अगस्त तक ईडी की हिरासत में भेज दिया गया। जहां शिवसेना और राउत का आरोप है कि ईडी केंद्र के निर्देशों के बाद उन पर कार्रवाई कर रही है, वहीं जांच एजेंसी का कहना है कि राउत को मामले में पेशी और जवाब देने के लिए कई बार नोटिस जारी किया गया। हालांकि, उन्होंने जानबूझकर जवाब नहीं दिया।

हालांकि, हालिया दिनों में राउत कोई पहले नेता नहीं हैं, जिस पर प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई हुई हो। इससे पहले भी शिवसेना से लेकर महाविकास अघाड़ी गठबंधन के नेताओं पर इस एजेंसी ने छापेमारी कर आरोप तय किए हैं। ईडी की कार्रवाई की जद में आए नेताओं में राकांपा के नवाब मलिक से लेकर शिवसेना के अनिल परब तक शामिल हैं। आइये जानते हैं हाल में कौन-कौन नेता आया ईडी के रडार पर...
विज्ञापन

2 of 10
सत्येंद्र जैन का सोशल मीडिया पर वायरल फोटो - फोटो : सोशल मीडिया
1. सत्येंद्र जैन
दिल्ली सरकार में मंत्री और आम आदमी पार्टी नेता सत्येंद्र जैन को ईडी ने 31 मई को गिरफ्तार किया था। उन पर मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में कार्रवाई की गई। जैन को पीएमएलए कानून की आपराधिक धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया। ईडी की तरफ से पेश हुए सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने तब कोर्ट को बताया था कि एजेंसी इस पहलू की जांच कर रही है कि आरोपी कहीं किसी और के पैसों की लॉन्ड्रिंग की कोशिश तो नहीं कर रहा था। या फिर उसकी साजिश का लाभ उठाने वाले कुछ और लोग तो नहीं थे। 
विज्ञापन

3 of 10
डीके शिवकुमार - फोटो : अमर उजाला
2. डीके शिवकुमार
कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार को हाल ही में दिल्ली कोर्ट ने मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े एक केस में समन केस किया था। यह केस उनके खिलाफ 2018 में दर्ज हुआ था। कर्नाटक के नेता के खिलाफ कोर्ट ने यह समन ईडी की चार्जशीट आने के बाद जारी किया था। ईडी ने शिवकुमार को 23 अक्तूबर 2019 को मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में ही गिरफ्तार किया था। इसके अलावा उन पर करोड़ो रुपये के हवाला लेन-देन करने के आरोप लगे थे। 

4 of 10
पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी। - फोटो : ANI
3. अभिषेक बनर्जी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे और तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी और उनकी पत्नी पर भी ईडी की जांच बैठी है। जांच एजेंसी उनके खिलाफ कोयला तस्करी मामले में जांच कर रही है। जहां अभिषेक बनर्जी से ईडी दो बार पूछताछ कर चुकी है, वहीं रुजिरा अब तक समन भेजे जाने के बावजूद जांच एजेंसी के सामने पेश नहीं हुई हैं। 
विज्ञापन

5 of 10
ईडी की गिरफ्त में राकांपा नेता नवाब मलिक। - फोटो : PTI
4. नवाब मलिक
प्रवर्तन निदेशालय ने इसी साल 23 फरवरी को राकांपा नेता नवाब मलिक को मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार कर लिया था। जांच एजेंसी उनकी एक जमीन सौदे की जांच कर रही थी, जो संदिग्ध तौर पर गैंगस्टर आतंकी दाऊद इब्राहिम से जुड़ी थी। नवाब मलिक पर भी पीएमएलए कानून के तहत कार्रवाई हुई थी। ईडी का केस एनआईए की एक एफआईआर के आधार पर था, जिसमें एजेंसी ने इब्राहिम पर यूएपीए कानून लगाया है। फिलहाल नवाब मलिक जेल में ही हैं। 
विज्ञापन

6 of 10
कार्ति चिदंबरम - फोटो : reuters
5. कार्ति चिदंबरम
कांग्रेस नेता पी चिदंबरम के बेटे और सांसद कार्ति चिदंबरम के खिलाफ ईडी की जांच जारी है। उन पर 50 लाख रुपये की रिश्वत के बदले तलवंडी साबो पावर लिमिटेड प्रोजेक्ट में चीनी कामगारों को वीजा दिलाने में मदद का आरोप है। बताया गया है कि 2011 के इस मामले में गृह मंत्रालय ने कथित तौर पर चीनी नागरिकों के अवैध वीजा को मंजूर कर लिया था। कार्ति के पिता चिदंबरम ही उस वक्त गृह मंत्री थे। इस मामले में कार्ति ने जमानत के लिए कोर्ट में याचिका लगाई है। हालांकि, ईडी की अपील के बाद उन्हें जमानत नहीं मिल पाई। 
विज्ञापन

7 of 10
अजीत पवार - फोटो : ANI
6. अजित पवार
राकांपा नेता और महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम रह चुके अजित पवार पर भी ईडी की जांच बैठी है। अजित और उनके परिवारवालों के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों को लेकर जांच जारी है। ईडी के मुताबिक, अवैध रकम को अलग-अलग बेनामी प्रॉपर्टी में लगाया गया, जिन्हें हाल ही में अटैच कर लिया गया। प्रवर्तन निदेशालय ने पिछले साल जुलाई में चीनी मिल को अटैच किया था। 

8 of 10
फारूक अब्दुल्ला - फोटो : एएनआई
7. फारूक अब्दुल्ला
ईडी ने इसी साल 31 मई को नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्ला को श्रीनगर दफ्तर में पूछताछ के लिए बुलाया था। उन पर जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन का अध्यक्ष रहते हुए वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगे थे। ईडी ने उनके खिलाफ भी धन शोधन मामले में केस दर्ज किया था। इससे पहले 2019 में भी ईडी ने इस मामले में अब्दुल्ला का बयान दर्ज किया था। 

9 of 10
महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री अनिल परब - फोटो : ANI
8. अनिल परब
शिवसेना नेता अनिल परब पर भी हाल ही में ईडी का शिकंजा कसा है। एजेंसी उन्हें जल्द ही बयान दर्ज करने के लिए बुला सकती है। पिछले गुरुवार को ही ईडी ने सात अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की थी। इनमें से दो लोकेशन परब के घर थे। उन पर रत्नागिरी के दपोली में तटीय विनियमन क्षेत्र (CRZ) के नियमों का उल्लंघन कर रिजॉर्ट बनाने के आरोप हैं। ईडी उनके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों की जांच कर रही है। 
विज्ञापन

10 of 10
टीटीवी दिनाकरण
9. टीटीवी दिनाकरण
एआईएडीएमके से अलग होकर अपना अलग दल बनाने वाले अम्मा मइकल मुन्नेत्र कझगम पार्टी के संस्थापक महासचिव टीटीवी दिनाकरण भी ईडी की जांच के दायरे में हैं। उन पर चुनाव आयोग के अधिकारियों को रिश्वत खिलाने के आरोप हैं। वे जे जयललिता की करीबी रहीं वीके शशिकला के भतीजे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शशिकला के एआईएडीएमके से अलग होने के बाद दिनाकरण ने पार्टी का 'दो पत्ती' वाला चुनाव चिह्न लेने के लिए चुनाव आयोग के अधिकारियों को घूस दी थी। इस मामले में दिनाकरण इसी साल 12 अप्रैल को ईडी के सामने पेश हुए थे। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें