गुजरात के गिर वन में एक तेंदुए का महज डेढ़ माह का बच्चा अपनी मां से जुदा हो गया। मां से जुदा हुए इस बच्चे को एक शेरनी द्वारा दूध पिलाने की दुर्लभ घटना देखने को मिली है। शेर जोकि तेंदुए को मारने के लिए जाने जाते हैं, उसे ऐसे तेंदुए के बच्चे का पालन करते देखने पर वन प्रमंडल प्रशासन को भी आश्चर्य हो रहा है। मां की ममता दिखाती यह तस्वीर सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही है।
गिर-पश्चिम मंडल के उप वन संरक्षक धीरज मित्तल ने बताया कि गिर पश्चिम मंडल के जंगलों में एक शेरनी अपने दो शावकों के साथ तेंदुए के बच्चे को दूध पिलाती और जंगलों में मौजूद शेरों से उसकी सुरक्षा करती देखी गई है।
उन्होंने कहा कि वन कर्मचारियों ने शेरनी और तेंदुए के बच्चे के बीच प्यार भरा यह नजारा छह दिन पहले देखा था।मित्तल ने सोशल मीडिया पर इस घटना की कुछ तस्वीरें भी साझा की हैं।