चार वर्ष पहले ऑस्ट्रेलिया में हुए राष्ट्रमंडल खेलों में देश को स्वर्ण पदक दिलाने वाले पहलवान बजरंग पूनिया का कहना है कि वह इस बार फिर इतिहास दोहराएंगे। टोक्यो ओलंपिक में इंजरी के चलते बेशक वह देश को कांस्य पदक दिला सके थे, लेकिन उनसे देशवासियों को सदैव सोने की ही उम्मीद रहती है। राष्ट्रमंडल खेलों में इसी उम्मीद को पूरा करने के लिए वह फिलहाल अमेरिका के मिशिगन में पसीना बहा रहे हैं।
विश्व में नंबर पांच रैंकिंग वाले ओलंपियन पहलवान बजरंग पूनिया अब इंग्लैंड के बर्मिंघम में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में 65 किलो भार वर्ग में सोना जीतने की तैयारी में जुटे हैं। मूलरूप से झज्जर के गांव खुड्डन फिलहाल सोनीपत के मॉडल टाउन निवासी बजरंग पूनिया राष्ट्रमंडल खेलों में बेहतर प्रदर्शन के लिए अमेरिका में अभ्यास कर रहे हैं। ओलंपियन बजरंग पूनिया ने कहा कि इस प्रतियोगिता में आने वाले सभी पहलवान अपने-अपने देश के सर्वश्रेष्ठ होंगे।