हरियाणा के सोनीपत में टीडीआई एस्पानिया में साढ़े आठ साल के बच्चे की हत्या करने के मामले में पकड़े किशोर ने सीआईडी सीरियल देखकर अपहरण से हत्या तक का षड्यंत्र रचा था। उसने इसके लिए कई दिन तक सीआईडी के एपिसोड देखे। वारदात कर किशोर घर पहुंचा और खाना खाकर फिरौती के लिए पत्र लिखा था। 11वीं कक्षा का आरोपी छात्र पकड़े जाने पर पहले नई-नई कहानी बनाता रहा। लेकिन बाद में वारदात करना कुबूल लिया।
किशोर ने बताया कि उसकी अर्जित से दोस्ती हो गई थी। पहले उसने बताया कि स्कॉर्पियो सवार युवकों ने अर्जित को उन्हें सौंपने पर पांच हजार रुपये देने की बात कही थी। उसने अर्जित को उन्हें सौंप दिया। जब उससे फिर से पूछा गया तो उसने वारदात करना स्वीकार किया।
उसने बताया कि उसने अकेले ही वारदात को अंजाम दिया है। उसने अपने अर्जित के हाथ-पैर बांधने चाहे, लेकिन वह बिफर गया। जिस पर पाना से उस पर वार करने शुरू कर दिए। बाद में शव को पानी से भरे ड्रम में डाल दिया।