फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shafali Verma: 'आपके लिए सरप्राइज है..', महिला विश्वकप के सेमीफाइनल में सीधी एंट्री पर मां से कही थी ये बात

Wed, 05 Nov 2025 02:37 PM IST
शाहरुख खान रोहित डागर, अमर उजाला, रोहतक

सार

क्रिकेटर शैफाली वर्मा ने टीम में चयन होने पर मां से फोन पर कहा था कि आपके के लिए सरप्राइज है। मां ने कहा कि बेटी ने इतिहास रचकर दोहरा सरप्राइज दे दिया है।
विज्ञापन
1 of 11
भारतीय टीम विश्व चैंपियन बनी - फोटो : Twitter
बचपन में लड़कों के साथ क्रिकेट खेलकर लंबे शॉट लगाने का अभ्यास करने वाली शैफाली वर्मा किसी सेमीफाइनल में सीधे एंट्री मारकर भारत को विश्व चैंपियन बना देंगी, ऐसा किसी ने सोचा न था। लेकिन प्रतिका रावल के पांव में मोच आने के कारण जैसे ही शैफाली को मौका मिला तो न सिर्फ अपने दमखम को साबित किया बल्कि मां को भी दोहरा सरप्राइज दे दिया।

दरअसल, भारतीय क्रिकेट टीम में चयन न होने से शैफाली और उसका पूरा परिवार बेहद निराश था। किसी को राष्ट्रीय टीम में जल्द चयनित होने के आसार भी नहीं दिख रहे थे। लेकिन सीनियर टी-20 ट्रॉफी के लिए खेल रहीं शैफाली को अचानक फोन करके बताया गया कि उन्हें महिला विश्वकप के सेमीफाइनल में सीधे एंट्री दी जा रही है।
 
विज्ञापन

2 of 11
शेफाली वर्मा - फोटो : PTI
शैफाली की छोटी बहन नैंसी बताती हैं कि टीम में चयन की सूचना मिलते ही दीदी ने सबसे पहले मम्मी (प्रवीण बाला) को फोन कर कहा कि मम्मी आपके लिए एक सरप्राइज है... अनुमान लगाओ। कुछ क्षण की चुप्पी के बाद मां बोलीं, टीम में नाम आ गया है क्या...। शैफाली के मुंह से ''हां'' सुनते ही मां भावुक हो गईं।
 
विज्ञापन

3 of 11
शेफाली वर्मा - फोटो : PTI
शैफाली की झोली में भी कई रिकॉर्ड आए
इसके बाद इतिहास रच गया। शैफाली के बल्ले से न सिर्फ रन वर्षा हुई बल्कि महिला क्रिकेट और खुद शैफाली की झोली में भी कई रिकॉर्ड आ गए। वह दुनिया की सबसे कम उम्र की ऐसी पहली महिला क्रिकेटर बन गई हैं जिन्होंने वर्ल्ड कप में अर्धशतक या इससे ज्यादा रन बनाए हैं। इस मायने में वे वीरेंद्र सहवाग के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ चुकी हैं।

4 of 11
शेफाली वर्मा - फोटो : ANI
शतक लगाने से चूकने पर मां ने कहा कि बेटी के 87 रन ही हमारे लिए शतक के बराबर हैं। मुझे इसका कोई अफसोस नहीं कि वह विश्व कप में शतक बनाने से चूक गई। भारत की जीत से जो खुशी हासिल हुई है वह अनमोल है। उसने हमें चयन की सूचना के बाद जीत का भी दोहरा सरप्राइज दे दिया है।
 
विज्ञापन

5 of 11
शेफाली प्लेयर ऑफ द फाइनल रहीं - फोटो : Twitter
शैफाली की मौसी सुदेश बताती हैं कि शैफाली बचपन में लड़कों के साथ क्रिकेट खेला करती थी। इसमें भी वह बड़े शॉट लगाती। वह इसमें कभी नहीं हिचकिचाती थी। यही निडरता विश्व कप के फाइनल मुकाबले में भी दिखाई दी और बेधड़क बल्ला चलाते हुए शानदार गेंदबाजी भी की। वह बताती हैं कि विश्वकप जीतने के बाद परिवार ने शेफाली के साथ छोटी-सी वीडियो कॉल की थी। उस वक्त वह मैदान पर ही थी। खुशी से लबालब उसका चेहरा देखकर हम सब गद्गद् हो गए।
 
विज्ञापन

6 of 11
शेफाली वर्मा और उनके पिता संजीव वर्मा - फोटो : Instagram/shafalisverma17
शैफाली के पिता ने हरमनप्रीत से कहा... अब अगली तैयारी करो
पिता संजीव बताते हैं कि हरमनप्रीत कौर को बेटी पर भरोसा करने और उसे बल्लेबाजी व गेंदबाजी के मौके देने के लिए मैंने शुक्रिया अदा किया है। फोन पर बातचीत के वक्त हरमनप्रीत ने मुझसे कहा, ''अंकल, पहली बार ट्रॉफी उठाकर बहुत अच्छा लग रहा है।'' मैंने हरमनप्रीत को कहा कि अगले साल फिर ऐसी ही जीत की तैयारी करो।'' संजीव बताते हैं कि बच्चों के सपनों को साकार करने के लिए बहुत त्याग करना पड़ता है। हमारे आगे कई बार मुश्किल दौर भी आए लेकिन हमने विश्वास बनाए रखा।
विज्ञापन

7 of 11
शेफाली वर्मा।
कोच ने नेचुरल खेलने की सलाह दी थी शैफाली को
शैफाली के स्थानीय कोच बिजेंद्र शर्मा बताते हैं कि भारतीय टीम में चयन होने के बाद शैफाली ने फोन करके इसकी सूचना दी थी। उस वक्त मैंने उसे अपना नेचुरल गेम खेलने और फोकस रखने के लिए कहा था। शैफाली ने यही किया। उसने बेहतरीन पारी खेली। मैंने उसे हमेशा ही अपना स्वाभाविक खेल खेलने के लिए कहा है। यही उसने रोहतक की गलियों में खेलते हुए सीखा था। कोच बताते हैं कि शैफाली बल्लेबाजी के साथ विकेट कीपिंग करती थी। लेकिन 2023-24 में उसने गेंदबाजी शुरू की। पहले ही विश्व कप में उसने शानदार बल्लेबाजी करके विशाल स्कोर तो बनाया ही साथ ही दो विकेट भी चटकाकर दक्षिण अफ्रीकी टीम की हार सुनिश्चित कर दी।

8 of 11
शेफाली वर्मा - फोटो : ANI
टीम में चयन की खबर से भावुक हो गई थीं शैफालीः सोनिया
भारतीय टीम में चयन की सूचना पाकर शैफाली रोहतक की ही ऑलराउंडर बिटिया सोनिया मेहंदियां के गले लगकर भावुक हो गई थीं। सोनिया बताती हैं कि उस समय हम दोनों सीनियर टी-20 ट्रॉफी खेल रहे थे। जैसे ही उन्हें यह खबर लगी तुरंत मुझे भी बताया। हम दोनों बेहद खुश हुए।
 

9 of 11
शेफाली वर्मा - फोटो : ANI
सोनिया बताती हैं कि मैं शैफाली के साथ 2018 से खेल रही हूं। सही कहूं तो जब से क्रिकेट खेलना शुरू किया है, शैफाली के साथ ही खेल रही हूंं। अंडर-19 का वर्ल्ड कप भारत ने जीता था उस समय शैफाली भारतीय टीम की कप्तान थी और मैं भी टीम का हिस्सा थी। प्रदेश की घरेलू टीम में भी शैफाली के साथ खेलती हूं।

10 of 11
क्रिकेटर शेफाली वर्मा - फोटो : अमर उजाला
वह कहती हैं, शैफाली पावर हिटिंग के लिए प्रसिद्ध हैं। उनके अंदर आत्मविश्वास है। एक मैच में ठीक नहीं कर पाई तो अगले मैच में निश्चित ही करेंगी। वनडे टीम से बाहर होने पर शैफाली ने कहा था, कभी तो भगवान मेरी भी सुनेगा। आखिरकार भगवान ने सुनी। शायद इसीलिए जीत के बाद शैफाली ने कहा भी कि जो किया है वह सब कुछ भगवान के नाम है। मुझे लगा कि भगवान ने मुझे कुछ करने के लिए ही भेजा था।
विज्ञापन

11 of 11
शेफाली वर्मा - फोटो : PTI
नेट प्रैक्टिस कराने वाली स्नेहा बोलीं - शैफाली की हिटिंग जबर्दस्त है
युवा क्रिकेटर स्नेहा जाखड़ बताती हैं कि मैंने नेट पर शैफाली को गेंदबाजी की है। यह बात पिछले साल की है। उस वक्त चौधरी बंसीलाल स्टेडियम में शैफाली के साथ ही मेरा कैंप भी लगा था। मैं अंडर-19 के कैंप में थी और वह अंडर-23 के कैंप में। वह हर गेंद में तगड़ा शॉट लगातीं है। उनकी हिटिंग पावर जबर्दस्त है। यही पावर विश्वकप के फाइनल मुकाबले में भी देखने को मिली। वह अच्छी फील्डर भी हैं। मैंने उनके कैचिंग सेशन भी देखे हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें