डीसी से मुलाकात करते हुए किसान सभा के सदस्य।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
खटकड़ टोल कमेटी के हुए गिले-शिकवे दूर
खटकड़ टोल कमेटी तथा राकेश टिकैत के बीच कुछ बातों को लेकर मनमुटाव चल रहा था, जो सोमवार को उनके जींद आने पर दूर हो गया। राकेश टिकैत के पिता चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की जयंती के मौके पर एक राजनीतिक दल द्वारा अपने नाम से सिसोली में लाइब्रेरी का पत्थर लगाने को लेकर इनके बीच नाराजगी थी। खटकड़ टोल कमेटी इस राजनीतिक दल का विरोध कर रही थी। सोमवार को खटकड़ टोल कमेटी के प्रधान सतबीर बरसोला, जयप्रकाश खटकड़, संदीप बड़ौदा, सुशील नरवाल, कविता खरकरामजी, प्रियंका, सूबे सिंह चाबरी, सुरेंद्र काला के साथ राकेश टिकैत ने बातचीत की। इसके बाद सतबीर पहलवान ने कहा कि उनके बीच कुछ बातों को लेकर मनमुटाव था जो दूर हो गया है। 26 जनवरी की महापंचायत को लेकर खटकड़ टोल कमेटी पूरी तैयारी में है।
महापंचायत में पेयजल और मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था की मांग
अखिल भारतीय किसान सभा के राज्य उपाध्यक्ष व किसान महापंचायत के प्रबंध कमेटी के संयोजक फूल सिंह श्योकंद ने किसान महापंचायत में पेयजल व मोबाइल टॉयलेट व शौचालयों की व्यवस्था करवाने की मांग को लेकर डीसी से मुलाकात की। इसके अलावा अनाज मंडी में दोनों शैडों को खाली करवाने की मांग की, ताकि किसी भी तरह की असुविधा न हो।
फूलसिंह श्योकंद ने कहा कि डीसी ने उनकी मांगों को लेकर सकारात्मक रवैये से पूरी करने का आश्वासन दिया है और किसानों को पंचायत में शांति बनाए रखने की सलाह दी है। कमेटी ने किसान और मजदूरों के अलावा अन्य सामाजिक व गणतंत्र प्रेमी, बुद्धिजीवी लोगों से अपील की है कि वे किसान महापंचायत की कामयाबी के लिए हर प्रकार का सहयोग करें और नरवाना, कैथल व पंजाब की तरफ से आने वाले किसानों को सलाह दी कि वह बाईपास से अपने वाहन लाएं तथा सफीदों रोड गोहाना रोड पार करके नई अनाज मंडी पहुंचे। हिसार रोड के वाहन बाईपास होकर भिवानी चौक पार करके रोहतक रोड से नई अनाज मंडी पहुंचे, ताकि किसी भी प्रकार की अवस्था न हो। इस अवसर पर रामफल कंडेला, विकास सीसर, कुलबीर मलिक, बारुराम, सूबे सिंह चाबरी, रमेश कंडेला व कविता मौजूद रहे।