जासूस ज्योति पर नया खुलासा: यूट्यूबर के संपर्क में थे HSGPC कर्मी और पुरी की ये युवती, साथ गई थी पाकिस्तान
Mon, 19 May 2025 09:18 AM IST
शाहरुख खान
अमर उजाला नेटवर्क, हिसार/कुरुक्षेत्र/भुवनेश्वर
सार
यूट्यूबर ज्योति मल्होत्राके संपर्क में रहे एचएसजीपीसी कर्मी और पुरी की यू-ट्यूबर भी थी। पुरी की यू-ट्यूबर हाल में ज्योति के साथ पाकिस्तान के करतारपुर साहिब गुरुद्वारा गई थी। ज्योति मार्च में पाकिस्तान गई थी।
जासूसी के आरोप में गिरफ्तार यू-ट्यूबर ज्योति मल्होत्रा के संपर्कों में रहे लोगों से भी पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है। हिसार पुलिस के इनपुट पर ओडिशा के पुरी में यू-ट्यूबर प्रियंका सेनापति से शनिवार को पूछताछ की गई। बताया जा रहा है कि प्रियंका ज्योति की सहेली है और वह भी पाकिस्तान जा चुकी है। ओडिशा पुलिस ने प्रियंका और ज्योति के बीच कथित संबंधों की जांच शुरू कर दी है। इसके अलावा ज्योति के संपर्क में रहे कुरुक्षेत्र निवासी हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एचएसजीएमसी) के एक कर्मचारी से हिसार सीआईए ने पूछताछ की। एचएसजीएमसी कर्मचारी को करीब 10-12 घंटे पूछताछ के बाद रविवार दोपहर छोड़ दिया गया।
हिसार के एसएसपी शशांक कुमार सावन ने रविवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि ज्योति के यू-ट्यूब चैनल ट्रैवल विद जो पर अपलोड वीडियो देखने से पता चलता है कि उसका रहन-सहन हाईप्रोफाइल था। विदेश में महंगे होटलों में ठहरना, फर्स्ट क्लास हवाई यात्रा आदि से पता चलता है कि उसके खर्च आय से कहीं अधिक थे।
ज्योति पाकिस्तानी इंटेलिजेंस ऑपरेटिव (पीआईओ) से जुड़े कई लोगों के संपर्क में थी। ज्योति पाकिस्तानी दूतावास में आयोजित इफ्तार पार्टी में भी शामिल हुई। इस पार्टी का वीडियो उसने अपने चैनल पर अपलोड किया था।
वीडियो में ज्योति दानिश और उसकी पत्नी के साथ बात करती दिख रही है। भारत सरकार ने इसी दानिश को गत 13 मई को जासूसी के आरोप में वापस पाकिस्तान भेज दिया था। पहलगाम हमले से पहले वह पाकिस्तान और चीन गई थी।
एजेंसियों के रडार पर थी ज्योति
एसएसपी ने बताया कि बार-बार पाकिस्तान जाने, वहां की इंटेलिजेंस से जुड़े लोगों से मिलने के कारण ज्योति एजेंसियों के रडार पर थी। इसी आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया है। ज्योति किन-किन देशों में और किस मकसद से गई, इसकी जांच की जा रही है। सोशल मीडिया पर अपलोड उसके वीडियो से भी मदद ले रहे हैं। कुछ लीड भी मिली है। दो-तीन दिन में उससे काफी जानकारियां हासिल कर लेंगे।
विज्ञापन
6 of 12
दानिश के साथ ज्योति
- फोटो : Insta @TravelWithJo
साइबर सेल टीम को जांच में लगाया
ज्योति के मोबाइल व लैपटॉप की फोरेंसिक जांच की जा रही है। कॉल डिटेल व बैंक खातों में ट्रांजेक्शन का पता लगाने के लिए सेल के अलावा केंद्रीय जांच एजेंसियों की मदद ली जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया, ज्योति कई बार पाकिस्तान व एक बार चीन गई। उसके शाही खर्चों को देखते हुए इसकी भी जांच की जा रही है कि उसे फंडिंग कहां से की जा रही थी।
वृंदावन के युवक के साथ भी संपर्क में थी ज्योति
ज्योति का वृंदावन से भी कनेक्शन सामने आया है। वह एक युवक से संपर्क में थी। इसकी जानकारी जुटाने के लिए सेना पुलिस भी रविवार को वृंदावन पहुंची। वृंदावन थाने के अपराध निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस को मामले की जानकारी देने के बाद सेना पुलिस लौट गई। पुलिस युवक तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। सेना पुलिस के अधिकारियों ने पुलिस को युवक का फोन नंबर भी दिया है।
पीआईओ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के जरिये चला रहे एजेंडा
एसएसपी ने बताया कि खुफिया एजेंसियों के पास ऐसे इनपुट थे कि कई पीआईओ भारतीय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को रिक्रूट करने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि उनके माध्यम से अपने एजेंडे का प्रचार कर सकें। ज्योति मल्होत्रा से भी इसी मकसद से संपर्क किया गया और वो उनके जाल में फंसती गई।
अन्य मोबाइल की बरामदगी का कर रहे प्रयास हिसार एसएसपी ने बताया कि पहलगाम आतंकी हमले के दौरान भी ज्योति पीआईओ के संपर्क में थी। पुलिस उसके कई और मोबाइल फोन का पता लगाने का प्रयास कर रही है। इन्हें सीज कर फॉरेंसिक जांच करवाई जाएगी, ताकि पता चल सके कि ज्योति ने पाकिस्तान के साथ क्या सूचनाएं साझा की। पता चला है कि कुछ और सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर ज्योति से संपर्क में थे।
ज्योति और प्रियंका के संबंधों की जांच जारी : ओडिशा पुलिस
पुरी के एसपी विनीत अग्रवाल ने बताया कि सितंबर 2024 में ज्योति ओडिशा पुरी पहुंची थी और वहां उसकी दोस्ती प्रियंका सेनापति से हुई। प्रियंका भी हाल में ज्योति के साथ पाकिस्तान के करतारपुर साहिब गुरुद्वारा गई थी। ओडिशा पुलिस ज्योति की पुरी यात्रा के उद्देश्य की भी जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह कहां रुकी थीं, किससे संपर्क किया और कोई संदिग्ध गतिविधियां तो नहीं थीं।
'ज्योति मेरी सिर्फ एक दोस्त थी'
प्रियंका ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि ज्योति मेरी सिर्फ एक दोस्त थी और मैं यू-ट्यूब के जरिए उसके संपर्क में आई। मुझे उस पर लगे किसी भी आरोप के बारे में जानकारी नहीं थी। मुझे पता होता कि वह पाकिस्तान के लिए जासूसी कर रही है तो मैं उसके संपर्क में नहीं आती।
पुलिस की गिरफ्त में ज्योति
- फोटो : Insta @TravelWithJo
'अन्य दोस्त के साथ पाकिस्तान के करतारपुर गई थी प्रियंका'
प्रियंका के पिता ने कहा कि पुलिस ने बेटी से पूछताछ कर कुछ जानकारियां मांगी। उन्होंने कहा कि प्रियंका ज्योति के साथ नहीं बल्कि अन्य दोस्त के साथ पाकिस्तान के करतारपुर गई थी।