हरियाणा के हिसार के सातरोड रेलवे स्टेशन एरिया में वीरवार सुबह करीब 7:15 बजे एक नाबालिग छात्र ने अपने पूर्व सहपाठी 10वीं के छात्र दीक्षित की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी ने अपने दादा की लाइसेंसी दोनाली (डोगा बंदूक) से दो फायर किए, जिसमें से एक छात्र के पेट के दायें हिस्से पर लगी। सूचना मिलते ही राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। इससे पहले परिजन दीक्षित को निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। परिजन पोस्टमार्टम शुक्रवार को करवाएंगे। इस मामले में देर रात तक केस दर्ज नहीं किया गया था। दोपहर बाद रेलवे पुलिस ने आरोपी को अपनी अभिरक्षा में ले लिया है।