सोनाली फोगाट की मौत के मामले में बुधवार को उसकी जेठानी अंजना ने कई खुलासे किए। अब मौत के मामले में मुंबई का कनेक्शन भी सामने आ रहा है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि घटना वाले दिन शाम को सोनाली के मोबाइल फोन पर कॉल की थी, तो फोन उनके पीए सुधीर ने उठाया। फोन उठाने के बाद अंजना ने कहा कि बाहर मौसम कितना अच्छा है तो सुधीर ने कहा कि मैं अभी उठा हूं और हम मुंबई में हैं।
उस समय मुझे पता चला कि सोनाली मुंबई में है। सुबह सोनाली की मौत होने का पता चला तो कई बार सुधीर को फोन किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। जब फोन उठाया तो उसने कहा कि रात को शूटिंग के चलते मुंबई से गोवा आ गए थे। अंजना का कहना है कि गोवा पुलिस जांच करे तो सामने आ जाएगा कि वे मुंबई गए थे या नहीं।
जेठानी अंजना और सोनाली की बहन रेमन ने कहा कि वर्ष 2019 में आदमपुर चुनाव से पहले सुधीर सांगवान सोनाली के प्रचार में लगा था। धीरे-धीरे सोनाली को अपने जाल में फंसा कर उसका पीए बन गया। उसने पूरी तरफ से सोनाली को अपने प्रभाव में ले लिया।