हरियाणा के हिसार जिले में दो नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस ने गुरुवार को पहली बड़ी कार्रवाई की है। आंबेडकर बस्ती में पुलिस ने दो नशा तस्करों के अवैध मकानों पर जेसीबी चलाकर जमींदोज कर दिया है। आरोपी महिला नशा तस्कर कविता उर्फ काली और कुलदीप ने अपने मकान स्वास्थ्य विभाग की करीब 80 कनाल जमीन पर कब्जा कर बनाए थे।
मकान तोड़ने की कार्रवाई के दौरान परिजनों और बस्ती के लोगों ने विरोध भी जताया, लेकिन पुलिस ने व्यवस्था संभाले रखी। इस मौके पर डीएसपी कप्तान सिंह, अभिमन्यु, नारायणचंद और ड्यूटी मजिस्ट्रेट तहसीलदार एचके गुप्ता मौजूद रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिन दो मकानों को गिराया गया है, उनके मालिकों व परिजनों पर नशा तस्करी के 16 और झगड़े व लूट के अन्य चार केस दर्ज हैं। आईजी राकेश कुमार आर्य के निर्देश पर गुरुवार सुबह डीएसपी कप्तान सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल आंबेडकर बस्ती में डेरा डाल दिया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक भी साथ रहे।