भाजपा नेता व टिकटॉक स्टार सोनाली फोगाट की मौत मामले में गोवा पुलिस ने कर्लीज क्लब के मालिक और ड्रग पैडलर को गिरफ्तार कर लिया है। गोवा पुलिस ने कर्लीज क्लब के शौचालय से 1.5 ग्राम सिंथेटिक ड्रग बरामद की है। इस मामले में सुधीर सांगवान, सुखविंद्र, एडविन नून्स, दत्ता प्रसाद गांवकर पर एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। इस बीच क्लब में सोनाली को जबरदस्ती मादक पदार्थ पिलाने का एक वीडियो भी वायरल हुआ है।
गोवा के डीजीपी जसपाल सिंह ने बताया कि सोनाली फोगाट की मौत मामले में आरोपी सुधीर सांगवान और सुखविंद्र को मासूपा कस्बे की अदालत में पेश कर 10 दिन की रिमांड पर लिया है। दोनों आरोपियों की मेडिकल जांच करवाई है। रिमांड के दौरान गोवा पुलिस दोनों आरोपियों को हिसार, रोहतक और गुरुग्राम लेकर जाएगी।
सोनाली की प्रॉपर्टी, बैंक डिटेल, गुुरुग्राम फ्लैट के बारे में जानकारी जुटाएगी। पता लगाया जाएगा कि फ्लैट कब खरीदा, किसने खरीदा और किसने नाम है। पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे पैसों का लेनदेन का मामला हो सकता है। ड्रग मामले में कर्लीज क्लब के मालिक एडविन और ड्रग पैडलर दत्ता प्रसाद गांवकर को गिरफ्तार किया है। दोनों से पूछताछ जारी है। पुलिस ने दोनों युवतियों की पहचान भी कर ली है जो केक काटते समय सोनाली के साथ दिखाई दी थीं।