हिंदू नववर्ष विक्रम संवत-2079 की शुरुआत दो अप्रैल से हो रही है। शनिवार के दिन से नववर्ष की शुरुआत होने से इस वर्ष के राजा शनि देव और मंत्री बृहस्पति होंगे। ज्योतिष के लिहाज से हिंदू नववर्ष गोरखपुर के लिए बहुत ही अच्छा होने वाला है। जनपद में विकास कार्यों को रफ्तार मिलेगी।
ज्योतिषाचार्य पंडित शरद चंद्र मिश्र के अनुसार, गोरखपुर की नाम राशि कुंभ है। इस राशि पर शनि की स्थिति पहले से है, लेकिन नववर्ष में बृहस्पति धन और जनता के स्थान पर होने से गोरखपुर का अत्यधिक विकास होगा। पुराने बंद पड़े कल कारखानों को प्रारंभ किया जाएगा। पूंजी का निवेश होगा और चतुर्दिक विकास का मार्ग प्रशस्त होगा। सत्ता में बैठे राजनेताओं को कर्तव्य बोध होगा। वे लोगों के प्रति जवाबदेह होंगे। पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। लेखकों और साहित्यकारों को सम्मान मिलेगा।
ज्योतिर्विद पंडित नरेंद्र उपाध्याय के अनुसार, दो अप्रैल को सूर्य, बुध और चंद्रमा मीन राशि में राहु वृषभ राशि केतु वृश्चिक राशि, शुक्र और बृहस्पति कुंभ राशि में विराजमान रहेंगे। 13 अप्रैल को बृहस्पति के अपनी स्व राशि मीन में प्रवेश करने के साथ ही व्यापार में प्रगति और शिक्षा की गुणवत्ता में वृद्धि होगी। कृषकों को संसाधन उपलब्ध कराने के लिए सरकारी योजनाएं बनाई जाएंगी।