फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तस्वीरें: यूपी पीसीएस में छाए गोरखपुर के होनहारों की जुबानी, यहां पढ़ें इनके संघर्षों की कहानी

Sat, 12 Sep 2020 05:53 PM IST
vivek shukla अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर।
विज्ञापन
1 of 11
खुश हुआ मेधावियों का परिवार। - फोटो : अमर उजाला।
यूपी पीसीएस-2018 के परिणाम में गोरखपुर जिले के मेधावियों ने अपनी श्रेष्ठता साबित करते हुए शहर और माता-पिता का मान बढ़ाया है। नोएडा में नायब तहसीलदार के पद पर तैनात दक्षिणी बेतियाहाता निवासी शिवा त्रिपाठी ट्रेजरी आफिसर बनी हैं। वहीं, प्रभाकर मणि त्रिपाठी का चयन जिला सूचना अधिकारी तो सौम्या पांडेय वाणिज्य कर अधिकारी के पद पर चयनित हुई हैं। सौम्या की बड़ी बहन दीपशिखा पांडेय पिछले वर्ष पीसीएस में चयनित हुई थीं। शिवपुर सहबाजगंज की रेनुका राव डिस्ट्रिक ऑडिट आफिसर के पद पर चयनित हुई हैं। मूलरूप से संत कबीर नगर के भुलकी निवासी प्रभाकर मणि त्रिपाठी का आवास शहर के सुभाषचंद बोस नगर में है। पिता स्व. रामचंद्र मणि त्रिपाठी केंद्र सरकार के कई विभागों में राजभाषा के प्रवक्ता रहे। प्रभाकर के बड़े भाई गोरखपुर जर्नालिस्ट्स प्रेस क्लब के अध्यक्ष हैं।
Trending Videos
विज्ञापन

2 of 11
प्रभाकर मणि त्रिपाठी, रेनुका राव और सौम्या पांडेय - फोटो : अमर उजाला।
प्रभाकर ने गोरखपुर विश्वविद्यालय से बीए के बाद मुरादाबाद से एमबीए किया है। इसके बाद वे तैयारी करने इलाहाबाद चले गए। प्रभाकर ने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों, मां कामिनी त्रिपाठी के साथ परिवार के सभी सदस्यों को दिया है। वहीं, बड़हलगंज के महुलिया पोयल निवासी व शहर के शिवपुर सहबाजगंज में रहने वाली रेनुका राव ने डिस्ट्रिक्ट ऑडिट ऑफिसर पद पर चयनित होकर माता-पिता का नाम रोशन किया है। इसका श्रेय उन्होंने गुरुजनों, माता-पिता के अलावा भाई ऋषि को दिया है। संतकबीरनगर की निवासी सौम्या पांडेय ने कृष्णानगर कॉलोनी के एक हॉस्टल में रहकर पढ़ाई की। उनका चयन वाणिज्य कर अधिकारी के पद पर हुआ है। सौम्या ने अपनी कामयाबी का श्रेय माता-पिता, बहन के अलावा रामनवल सिंह को दिया है।
विज्ञापन

3 of 11
रेनुका राव - फोटो : अमर उजाला।
आईएएस बनने का सपना है, आगे तैयारी करूंगी
डिस्ट्रिक्ट ऑडिट ऑफिसर पद पर चयनित रेनुका राव ने कहा कि मेरा सपना आईएएस बनने का है। नौकरी ज्वाइन करने के बाद आईएएस के लिए तैयारी करूंगी। मैं डॉ. भीमराव आंबेडकर के जीवन से प्रभावित हूं। इसलिए प्रशासनिक अधिकारी बनकर डॉ. आंबेडकर के रास्ते पर चलते हुए समाज और देश के लिए योगदान देना चाहती हूं। मैंने दिल्ली में रहकर तैयारी की। पांच से छह घंटे की पढ़ाई करती थी। मेरा मानना है कि कोचिंग आपको दिशा दिला सकते हैं, लेकिन स्वयं की पढ़ाई से ही मंजिल मिलेगी।

4 of 11
प्रभाकर मणि त्रिपाठी - फोटो : अमर उजाला।
प्रभाकर मणि बने जिला सूचना अधिकारी
धर्मसिंहवा क्षेत्र के भुलकी गांव निवासी प्रभाकर मणि त्रिपाठी ने पीसीएस 2018 की परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। उनका चयन जिला सूचना अधिकारी के पद पर हुआ है। प्रभाकर वर्तमान में अपने परिवार के साथ गोरखपुर में रहते हैं। पिता स्व. रामचंद्र मणि त्रिपाठी केंद्र सरकार के कई विभागों में राजभाषा के प्रवक्ता रह चुके हैं। बड़े भाई मारकंडेय मणि त्रिपाठी एक न्यूज चैनल से जुड़े हैं और वर्तमान में प्रेस क्लब गोरखपुर के अध्यक्ष हैं। प्रभाकर ने कहा कि, मेरे पिता हमेशा ही मेरे आदर्श रहे। मेरा सपना था कि कुछ बनकर उनका नाम रोशन करूं। मुरादाबाद से एमबीए की पढ़ाई पूरी करने के बाद नौकरी की तलाश कर रहा था कि पिताजी की तबीयत बहुत खराब हो गई और उनका निधन हो गया। मैं बहुत परेशान हो गया, लेकिन बड़े भाई मारकंडेय मणि ने मुझे हिम्मत दी। उनकी सलाह पर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में जुट गया। रोजाना सात से आठ घंटे की पढ़ाई की। मन में संकल्प था कि पिता और भाई की उम्मीदों पर खरा उतरना है। बस, अब चयन होने से मेरा सपना पूरा हो गया।
विज्ञापन

5 of 11
सौम्या पांडेय - फोटो : अमर उजाला।
खुद से किया वादा पूरा किया, पापा का बाकी
वाणिज्य कर अधिकारी पद पर चयनित सौम्या पांडेय ने बताया कि मुझे आईएएस बनना है। यह सपना तबसे है जब मेरे क्षेत्र में डीएम या कोई बड़े अधिकारी आते थे। उस वक्त, पापा कहते थे कि तुम्हें भी इसी तरह बनना है। यह बात मुझे हमेशा प्रेरित करती थी। पिछले वर्ष छोटी बहन दीपशिखा पांडेय का चयन सहायक नगर आयुक्त के पद पर हुआ तो मैंने भी तय कर लिया कि कुछ बनना है। बस कड़ी मेहनत शुरू की। करीब आठ घंटे पढ़ती थी। मैंने हमेशा पाठ्यसामग्री जुटाई और उससे तैयारी की। आज जब रिजल्ट की जानकारी हुई तो बहुत खुशी हुई है। मैैंने खुद से किया वादा पूरा कर लिया। तैयारी जारी रहेगी, मंजिल पाना शेष है।
विज्ञापन

6 of 11
शिवा त्रिपाठी - फोटो : अमर उजाला।
मेरे पापा ही मेरे आदर्श हैं
ट्रेजरी ऑफिसर पद पर चयनित शिवा त्रिपाठी ने बताया कि मेरे पापा मेरे लिए आदर्श हैं। वर्ष 2015 में पीसीएस में चयन हुआ था और अब यूपीडा में प्रोजेक्ट इंचार्ज के तौर पर तैनात हूं। लेकिन मन को संतुष्टि नहीं मिली और तैयारी जारी रखी। अब मन लायक चयन हुआ है। मैंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से लाइफ साइसेंज में स्नातक और बॉटनी से परास्नातक करने के बाद तैयारी शुरू की। अभी पीएचडी भी कर रही हूं। मैंने कभी घंटे देखकर पढ़ाई नहीं की, जितनी पढ़ाई की, मन लगाकर किया। मेरा यही मूलमंत्र भी है।
विज्ञापन

7 of 11
भास्कर मिश्र - फोटो : अमर उजाला।
इंजीनियरिंग की पढ़ाई छोड़ दी, डीएसपी बने भास्कर
डीएसपी भास्कर मिश्र ने बताया कि बंगलुरू से मैंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई शुरू की। एक वर्ष बाद मन नहीं लगा। मुझे अंदर से यह लग रहा था कि सिविल सर्विसेज में जाना है। स्नातक की पढ़ाई इलाहाबाद से की। इसके बाद तैयारी में जुट गया। आत्मविश्वास बनाए रखा। पापा ने भी बहुत उत्साहित किया। चयन से खुश हूं पर मन को तसल्ली नहीं मिली है। आगे भी तैयारी जारी रखूूंगा।

8 of 11
विनय कुमार - फोटो : अमर उजाला।
विनय कुमार बने जिला प्रोबेशन अधिकारी
जिले के सहजनवां ब्लॉक के ग्राम भपसा निवासी विनय कुमार पुत्र अभिमन्यु यादव का जिला प्रोबेशन अधिकारी के पद पर चयन हुआ है। विनय ने इंडियन नेवी से वीआरएस लेकर परीक्षा की तैयारी की। विनय के पीसीएस में चयन होने पर क्षेत्र में खुशी की लहर है। विनय के बड़े भाई अजय यादव ग्राम प्रधान हैं। विनय ने अपनी इस सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों व बड़े भाई के आशीर्वाद और मित्रों को दिया है। पूर्व विधायक यशपाल सिंह रावत, कांग्रेस नेता श्रवण कुमार  पांडेय, सभासद  गिरीश यादव, रामचरित्र यादव, बृजेंद्र प्रताप, आईजीएल के एचआर मैनेजर आशीष सिंह आदि ने बधाई दी है।

9 of 11
हरीश यादव - फोटो : अमर उजाला।
हरीश की रैंक 124, एक्साइज इंस्पेक्टर बने
जिले के चिल्लूपार क्षेत्र के ग्राम पंचायत पौहरिया के पूर्व प्रधान बेचू यादव के भतीजे हरीश यादव ने 124 वीं रैंक प्राप्त कर गांव व क्षेत्र का मान बढ़ाया है। तेजबहादुर यादव के पुत्र हरीश ने देवरिया के श्रीकृष्ण इंटर कॉलेज, आश्रम बरहज से हाईस्कूल व महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज, गोरखपुर से इंटर की परीक्षा अच्छे अंकों से उत्तीर्ण की। गाजियाबाद से बीटेक आईटी के बाद उन्होंने प्रशासनिक सेवा की तैयारी की और सफलता प्राप्त कर एक्साइज इंस्पेक्टर का पद प्राप्त किए हैं। हरीश की सफलता पर भाजपा के प्रदेश मंत्री कामेश्वर सिंह, पूर्व डीआईजी गुलाब सिंह, नगरपालिका बरहज के चेयरमैन उमेश सिंह, बड़हलगंज के पूर्व प्रमुख विजय कुमार यादव एडवोकेट, पूर्व आईपीएस कुश सौरभ, प्रधान गुलाब सिंह, सभासद कृष्णानंद सिंह, प्रमोद यादव, कमलेश सिंह, विजय रावत, रणवीर यादव जिलाध्यक्ष सपा देवरिया, मनोज यादव जिलाध्यक्ष छात्र सभा, प्रीतम जायसवाल आदि ने बधाई दी है।

10 of 11
पीयूष जायसवाल - फोटो : अमर उजाला।
पीयूष को मिला डिप्टी कलेक्टर का पद
यूपीपीसीएस में पहले प्रयास में ही पीयूष जायसवाल को डिप्टी कलेक्टर का पद हासिल हुआ है। उनकी रैंक 82वीं है। क्षेत्र के गोला बाजार के मूल निवासी डॉ. अशोक जायसवाल के बेटे पीयूष ने  बीएसएबी इंटर कॉलेज से 2006 में हाईस्कूल और 2008 में इंटर उत्तीर्ण किया था। इसके बाद उन्होंने यूपीटीयू गाजियाबाद से इलेक्ट्रॉनिक एंड कम्युनिकेशन में वर्ष 2012 में बीटेक और 2016 में आईआईटी जोधपुर से एमटेक की डिग्री हासिल की। वर्तमान में पीयूष दूरदर्शन केंद्र्र जालंधर में ब्रॉडकास्ट इंजीनियर के पद पर तैनात हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और अपनी बहन प्रियंका जायसवाल को दिया। पीयूष के डिप्टी कलेक्टर पद पर चुने जाने पर संजीव जायसवाल, संतोष जायसवाल, जितेंद्र जायसवाल आदि ने खुशी जताई।
विज्ञापन

11 of 11
विनय कुमार दूबे - फोटो : अमर उजाला।
विनय कुमार दुबे को मिली सफलता
जिले के बड़हलगंज विकास खंड के बरपार निवासी शिक्षक बेचन प्रसाद दुबे के पुत्र विनय कुमार दुबे ने 15 वां स्थान हासिल कर इनकम टैक्स कमिश्नर बने हैं। विनय के पिता बेचन प्रसाद वीएसएबी इंटर कॉलेज गोला में प्रवक्ता हैं। उनकी इस उपलब्धि पर परमानंद दुबे, देवप्रकाश शुक्ल, हरेकृष्ण दुबे, रामसिद्ध दुबे, गदाधर दुबे, शिवानंद दुबे, अखिलेश दुबे आदि ने बधाई दी है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें