फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गोरखपुर में पहला कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद 6 गांव सील, एक किमी के दायरे में रहने वालों की होगी स्क्रीनिंग

Tue, 28 Apr 2020 10:38 AM IST
vivek shukla अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर।
विज्ञापन
1 of 6
हाटा बुजुर्ग में मुआयना करते गोरखपुर जिलाधिकारी। - फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर जिले के हाटा बुजुर्ग में कोरोना संक्रमित मिलने के बाद जिला प्रशासन ने गांव के तीन किलोमीटर के दायरे में आने वाले पांच अन्य गांव भी सील कर दिए हैं। इन छह गांवों में आने-जाने वाले सभी रास्तों पर बैरीकेडिंग करने के साथ ही वहां 24 घंटे शिफ्टवार पुलिस और सेक्टर मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगा दी गई है।
विज्ञापन

2 of 6
कोरोना संक्रमित मिलने के बाद गांव की सड़कों को सील कर दिया गया है। - फोटो : अमर उजाला।
तीन किलोमीटर की सीमा हैं ये गांव है शामिल
सोमवार को दिन में डीएम के. विजयेंद्र पांडियन और एसएसपी डॉ. सुनील गुप्ता और शाम को कमिश्नर जयंत नार्लीकर और डीआईजी राजेश डी मोडक ने सभी गांवों का निरीक्षण कर व्यवस्था जांची। सभी, बैरीकेंडिंग पर तैनात पुलिस और सेक्टर मजिस्ट्रेट को सतर्क रहने और यह सुनिश्चित करने को कहा कि कोई गांव के भीतर या बाहर न जा सके।

उधर, जिला प्रशासन ने दिल्ली के सफदरजंग और सर्वोदय अस्पताल प्रशासन को भी हाटा बुजुर्ग के व्यक्ति के कोरोना संक्रमित होने की जानकारी दे दी है। गांव में रहने वाले सभी लोगों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया जा रहा है।

प्रशासन का कहना है कि लक्षण दिखने पर संबंधित के नमूने भी जांच के लिए भेजे जाएंगे। गांव में यह जानकारी भी जुटाई जा रही है कि किन परिवारों के सदस्य बाहर रह रहे हैं और वहां उनकी तबीयत कैसी है। हाल-फिलहाल में वे गोरखपुर तो नहीं आए हैं।

हाटा बुजुर्ग से पूरब- सुल्तानी, पश्चिम- लाखून, उत्तर- दशवतपुर, दक्षिण- बंजरिया गांव है। ये हाटा बुजुर्ग से चारों दिशा में तीन-तीन किलोमीटर पर पड़ने वाले गांव हैं। इनके बीच के क्षेत्र को सील कर दिया गया है। 11 बैरियर इन गांवों के इर्द-गिर्द लगाए जा चुके है।

 
विज्ञापन

3 of 6
वाहन चालकों की जांच करती पुलिस। - फोटो : अमर उजाला।
हाटा बुजुर्ग घोषित हुआ कंटेनमेंट जोन
हाटा बुजुर्ग इस वक्त कंटेनमेंट जोन घोषित हो गया है। एक से अधिक और तीन से कम मरीज मिलने पर कंटेनमेंट जोन घोषित किया जाता है। जबकि तीन से अधिक और पांच से कम मरीज मिलने पर कलस्टर कंटेनेमेंट जोन होता है। जबकि छह से अधिक कोरोना संक्रमित मिलने पर हॉट-स्पॉट के रूप में जाना जाता है।

हाटा बुजुर्ग और उससे सटे तीन किलोमीटर के दायरे वाले सभी छह गांव सील कर दिए गए हैं।  शिफ्टवार वहां बैरीकेडिंग प्वाइंट पर ड्यूटी लगाई गई है। अभी तक चिन्हित सभी संदिग्धों को क्वारंटीन किया जा चुका है। आम ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर भी नजर रखी जा रही है। दिल्ली के सफदरजंग और सर्वोदय अस्पताल के अधिकारियों को भी सूचना दे दी गई है। - के. विजयेन्द्र पांडियन, डीएम

खजनी के उप जिलाधिकारी विपिन कुमार ने कहा कि सील किए गए गांवों के सभी प्रवेश द्वार पर बैरीकेडिंग कर दी गई है। साथ ही वहां निगरानी के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगा दी गई है। अगर कोई गांव में प्रवेश करते या वहां से बाहर आते दिखा तो उसके खिलाफ महामारी एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।
 

4 of 6
हाटा बुजुर्ग का निरीक्षण करते कमिश्नर जयंत नार्लिकर, डीआईजी राजेश डी मोदक। - फोटो : अमर उजाला।
हर शख्स की होगी स्क्रीनिंग
उरुवा थाना क्षेत्र के हाटा बुजुर्ग गांव के एक किलोमीटर के दायरे में रहने वाले हर शख्स की स्क्रीनिंग की जाएगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की पांच सदस्यीय टीम ने निगरानी शुरू कर दी है। इसके अलावा प्रशासन ने हाटा बुजुर्ग, हासिलाभार और साई बुजुर्ग गांव को पूरी तरह से सील कर दिया है।

इसके अलावा कोरोना पॉजिटिव के साथ आने वाले दो लोगों को टीबी अस्पताल में क्वारंटीन करते हुए उनके गांव साई बुजुर्ग और हासिला भार में भी स्क्रीनिंग का फैसला लिया गया है। बताया जा रहा है कि एक किलोमीटर के दायरे में जो गांव आ रहे हैं, उनकी आबादी करीब दो से तीन हजार की होगी। इनमें अगर किसी को भी बुखार होगा या कोई गंभीर बीमारी से पीड़ित होगा तो उसकी जांच कराई जाएगी।

कुछ भी छुपाएं नहीं : डॉ. श्रीकांत
 हाटा बुजुर्ग पहुंचे मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. श्रीकांत तिवारी ने लोगों से लॉकडाउन और सोशल डिस्टेंसिंग का पूरी तरह से पालन करने को कहा। पूरे गांव की फॉगिंग और सैनिटाइज भी करवाया। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि किसी प्रकार की परेशानी होने पर सरकारी अस्पताल के डॉक्टर को बताएं। कुछ भी छुपाएं नहीं।
विज्ञापन

5 of 6
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : amar ujala
45 लोग हुए क्वारंटाइन
कोरोना संक्रमित की पुष्टि होने के बाद कुल 45 लोग सोमवार तक क्वारंटाइन किए जा चुके हैं। इनमें कोराना संक्रमित के परिवार के 14 सदस्यों व पांच संपर्कियों को सोमवार को टीबी अस्पताल में क्वारंटाइन करा किया गया है।

इनमें कोरोना संक्रमित के बुजुर्ग माता- पिता, पत्नी, बेटा सहित दो माह का नाती भी शामिल है। उनका पुत्र रविवार से ही इसी अस्पताल में है। सोमवार को संक्रमित के बेटे और उसके साथ दिल्ली से एंबुलेंस से आए दो अन्य लोगों के नमूने जांच के लिए बीआरडी भेज गए हैं।

इसके अलावा संक्रमित के साथ दिल्ली से लौटे साईं बुजुर्ग निवासी सहित उनके परिवार के 18 लोगों व असिलाभार निवासी के परिवार के पांच लोगों को होम क्वारंटाइन कराया गया है। वहीं, 108 एंबुलेंस चालक और ईएमटी को एडिशनल पीएचसी मल्हनपार के आवासीय परिसर में क्वारंटीन किया गया है।

संक्रमित व्यक्ति की तबीयत में सुधार
कोरोना संक्रमित व्यक्ति की तबीयत में सुधार है। उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशनन वार्ड में भर्ती किया गया है। उसका बीपी नार्मल हो गया है। बताया जा रहा है कि वह हार्ट का भी मरीज है। इसलिए मेडिकल कॉलेज प्रशासन बेहद एहतियात बरतते हुए उसका इलाज  कर रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

6 of 6
गोरखपुर जिला अस्पताल। - फोटो : अमर उजाला
जिला अस्पताल में एंबुलेंस से नहीं उतरा था संक्रमित
जिला अस्पताल में संक्रमित व्यक्ति एंबुलेंस से उतरा ही नहीं था। इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर आनंद कुमार ने दूर से ही उसकी समस्या पूछी और मेडिकल कॉलेज ले जाने को कहा था। इसके बाद भी एहतियात के तौर पर जिला अस्पताल के गेट से इमरजेंसी के पोर्टिको तक के मार्ग को सैनिटाइज कराया गया है।

इमरजेंसी में तैनात स्वास्थ्य कर्मियों को हमेशा पीपीई (पर्सनल प्रोटेक्शन इक्यूपमेंट) किट में रहने का निर्देश दिया गया है। साथ ही यह भी निर्देश दिया गया है कि वे एंबुलेंस में आए मरीजों को पहले बाहर ही आकर देखें, अगर ट्रैवेल हिस्ट्री वाला मरीज हो तो दूरी बनाकर इलाज करें।

सीएमओ डॉ. श्रीकांत तिवारी ने कहा कि हाटा बुजुर्ग गांव के एक किलोमीटर दायरे में आने वाले सभी गांवों में ग्रामीणों की स्क्रीनिंग कराई जा रही है। सभी को होम क्वारंटीन की सलाह भी दी गई है। गंभीर बीमारी वाले और सर्दी जुकाम से पीड़ित लोगों की कोरोना जांच कराई जाएगी।

कोरोना पॉजिटिव मिलने पर सांसद ने जताई चिंता
शहर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद रवि किशन ने सोमवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए गोरखनाथ मंदिर के सचिव द्वारिका तिवारी सहित अन्य कर्मचारियों से सीधा संवाद किया। सांसद ने गोरखपुर में कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने पर चिंता व्यक्त की। साथ ही अपील की कि शहरवासी लॉकडाउन और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए अपने घरों में ही रहें।

गोरखपुर में कोरोना का पहला मरीज मिला है। अब सुनिश्चित करना है कि यह संख्या बढ़ने न पाए। यह तभी संभव है, जब जनता लॉकडाउन का शत प्रतिशत पालन करे। वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान वीरेंद्र सिंह, दिव्य कुमार सिंह, विनय कुमार गौतम, दुर्गेश बजाज, अमित सिंह मोनू, आनंद गुप्ता, सांसद प्रतिनिधि समरेंद्र विक्रम सिंह, पीआरओ पवन दुबे मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें