गोरखपुर में बारिश से सब्जियां सड़ने लगी हैं। इसका असर यह है कि अब हरी मिर्च, टमाटर से महंगी हो गई है। मंडी में आलू, प्याज और नींबू भींगे हुए आ रहे हैं, जिसके चलते एक से दो दिन में ही सड़ जा रहे हैं। मंडी में कई जगहों पर प्याज, मिर्च और नींबू फेंका जा रहा है। व्यापारियों का कहना है कि नासिक से आने में ही एक बोरी प्याज में आठ से दस किलो तक सड़ा निकल रहा है। इसके चलते थोक में कीमतें भी घट गई हैं, लेकिन फुटकर बाजार में भाव टाइट है।
महेवा थोक मंडी में जहां आलू-प्याज बिकता है, वहां मोड़ पर ही बड़ी मात्रा में सड़े हुए आलू और प्याज फेंके गए मिले। कुछ महिलाएं इन्हीं में से आलू-प्याज बीनते दिखीं। आढ़ती शम्स अहमद राइन ने बताया कि नासिक में बारिश के कारण बड़ी मात्रा में प्याज खराब हो गया है। अच्छे प्याज के साथ सड़े हुए को भी बोरी में भरकर खपाया जा रहा है। जब प्याज की छंटाई कराई जा रही है तो हर बोरे में आठ से 10 किलो प्याज खराब निकल रही है।