एमएमएमयूटी का पांचवा दीक्षांत समारोह।
- फोटो : अमर उजाला।
‘स्टेज पर गवर्नर से गिफ्ट लेने आए हैं’
मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के पांचवें दीक्षांत समारोह में विभिन्न स्कूलों के बच्चे आकर्षण का केंद्र रहे। राज्यपाल ने 30 बच्चों को मंच पर बुलाकर उन्हें उपहार दिए। उन्होंने बच्चों से संवाद भी किया। राज्यपाल ने सेंट जोसेफ स्कूल खोराबार के कक्षा तीन में पढ़ने वाले छात्र अक्षत कुमार बरनवाल से बात की। पूछा की तुम कहां आए हो, तो अक्षत ने जवाब दिया - स्टेज पर गवर्नर से गिफ्ट लेने। जवाब सुनकर राज्यपाल मुस्कुरा पड़ीं। इसके बाद अक्षत को दुलारते हुए सिर पर हाथ फेरा और मंच से नीचे भेजा। इसी तरह और भी बच्चों से वह संवाद करती, दुलारती व उपहार देती रहीं।
उन्होंने बच्चाें को उपहार में जूट के बैग दिए जिसमें सेब, केला, पेंसल बॉक्स, नोट बुक एवं कहानी की किताब थी। उपहार पाने के बाद बच्चे खुश दिखे। सबने कहा कि राज्यपाल से मिलने का मौका उत्साहित करने वाला रहा है। राज्यपाल ने उपहार दिया। बात भी की और दुलारा भी। पहले राज्यपाल के पास जाने से डर लग रहा था लेकिन मंच पर पहुंचते ही हिम्मत मिल गई।