न्यूरो (मस्तिष्क, नस, मांसपेशियों और रीढ़ आदि से संबंधित) के गंभीर मरीजों के इलाज में बीआरडी मेडिकल कॉलेज हाथ खड़े कर दे रहा है। इमरजेंसी ही नहीं ओपीडी के भी गंभीर मरीजों को हायर सेंटर लखनऊ रेफर किया जा रहा है। ऐसे मरीजों की संख्या प्रतिदिन तीन से चार है। अन्य विभागों के मरीजों की संख्या जोड़ दी जाए, तो 15 से 20 मरीज रोज रेफर किए जा रहे हैं।
यह हाल तब है, जब मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशियलिटी सेवा की शुरुआत की जा चुकी है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन का कहना है कि इमरजेंसी में न्यूरो के एक ही डॉक्टर की ड्यूटी है। इसके अलावा सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में अभी इमरजेंसी सेवा शुरू नहीं हो पाई है। इस वजह से गंभीर मरीजों को लखनऊ के लिए रेफर करना पड़ जाता है।