उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में शनिवार यानी आज सुबह से हो रही बारिश से बीते एक सप्ताह से पड़ रही उसम भरी भीषण गर्मी से राहत मिली है। हालांकि शुक्रवार को भी जिले में हल्की बारिश हुई, लेकिन कुछ देर बाद ही उमस भरी गर्मी से लोग परेशान रहे। मौसम विशेषज्ञ के मुताबिक शुक्रवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश की वायुमंडलीय परिस्थितियां तैयार हो गई थीं। इन परिस्थितियों के चलते बारिश का सिलसिला शनिवार से शुरू हो गया, जो अगले दो दिन तक रुक-रुक कर चलता रहेगा। इस बारिश के चलते गोरखपुर और आसपास के क्षेत्रों के तापमान और हीट इंडेक्स दोनों में गिरावट आई है।
वहीं शनिवार सुबह करीब छह बजे मौसम एकाएक बदल गया। आकाश में काले बादलों ने डेरा डाला और कुछ ही समय में तेज बारिश होने लगी। मात्र दो घंटे में ही तकरीबन 40 मिलीमीटर बारिश हो गई। इससे दाउदपुर, रुस्तमपुर, सिविल लाइंस स्कूल रोड, धर्मशाला पुल के नीचे, सुमेर सागर रोड, विजय चौराहा, बैंक रोड, जिला अस्पताल रोड, लालडिग्गी, गीताप्रेस रोड, तारामंडल रोड, आजाद नगर पूर्वी, बुद्ध विहार समेत शहर के विभिन्न इलाकों में पानी भर गया। शाम तक करीब 61 मिलीमीटर बारिश हो चुकी थी। नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने बताया कि दोपहर तक अधिकांश इलाकों से पानी निकल गया। इसके लिए नगर निगम की पूरी टीम लगी रही।