गोरखपुर वासियों के लिए एक राहत भरी खबर आई है। आने वाले समय में पूरे पूर्वी उत्तर प्रदेश में ऑक्सीजन की मांग को गोरखपुर पूरा करने लगेगा। आज जहां रोजाना 2000 से 2500 ऑक्सीजन सिलिंडर की मांग है, वहीं उत्पादन करीब 5500 रोजाना का हो चुका है। अन्नपूर्णा ऑक्सीजन प्लांट में भी रोजाना 1500 ऑक्सीजन सिलिंडर का उत्पाद हो रहा है। वहीं गोरखपुर जिले में कई कोविड अस्पतालों में ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट लगाने की प्रक्रिया चल रही है, ऐसे में गोरखपुर के उत्पादन से पूरे पूर्वी उत्तर प्रदेश में कभी ऑक्सीजन की किल्लत नहीं रह जाएगी। कोरोना की दूसरी लहर में ऑक्सीजन की सर्वाधिक मांग अस्पतालों में भर्ती और होम आइसोलेशन के मरीजों में रही। अप्रैल के दूसरे सप्ताह में गोरखपुर में प्रतिदिन दो हजार सिलेंडर ऑक्सीजन की उपलब्धता हो पा रही थी। तब गीडा की दो फैक्टरियों मोदी केमिकल्स और आरके ऑक्सीजन में ही उत्पादन हो पा रहा था।