फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोना से जंग में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं ये अफसर, जानिए कैसे रोक रहे संक्रमण

Sat, 11 Apr 2020 01:00 PM IST
vivek shukla अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर
विज्ञापन
1 of 10
gorakhpur news - फोटो : अमर उजाला
शहर को साफ-सुथरा रख कोरोना से जंग में नगर निगम के अफसर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। बिना छुट्टी, बिना थके काम कर ये अधिकारी शहर के सभी वार्डों को सैनिटाइज करा रहे हैं ताकि कोरोना का प्रकोप सीमित किया जा सके। निगम के कई अधिकारियों की दिनचर्या सुबह पांच बजे से शुरू हो जा रही है।

रात दस बजे तक ये अधिकारी बिना रुके काम कर रहे हैं ताकि शहरवासी घरों में सुरक्षित रह सकें। किसी के चेहरे पर कोई शिकन नहीं है। अगले दिन सभी और जोश के साथ दफ्तर पहुंचते हैं और फिर महामारी की चुनौतियों से निपटने में जुट जाते हैं। कहा जाए तो नगर निगम का हर एक अफसर कोरोना वॉरियर बन गया है।
विज्ञापन

2 of 10
नगर आयुक्त, अंजनी कुमार सिंह। - फोटो : अमर उजाला
सुबह सात बजे से घनघनाने लगती है मोबाइल की घंटी
नगर आयुक्त अंजनी कुमार सिंह के मोबाइल फोन की घंटी इन दिनों सुबह सात बजे से ही घनघनाने लगती है। कोई शहर में कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए नगर निगम की योजना की शिकायत करता है तो कोई जरूरत वाले स्थानों पर सोडियम हाइपो क्लोराइड का छिड़काव कराने की मांग। नगर आयुक्त सबकी सुनते हैं और दवा का छिड़काव सुनिश्चित कराते हैं।

दोपहर एक बजे रोज शासन की वीडियो कॉफ्रेंसिंग में जाते हैं। इसके बाद फिर से नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक कर महामारी की चुनौतियों से निपटने की तैयारियों की समीक्षा करते हैं। साथ ही शहर के 70 वार्डों की सफाई में कहीं कोई कमी तो नहीं रह गई, इसका फीडबैक देरशाम तक लेते हैं। देर शाम ही नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक करते हैं, फिर घर जाते हैं। अगले दिन की दिनचर्या भी लगभग वैसी ही रहती है।
विज्ञापन

3 of 10
अपर नगर आयुक्त, डीके सिन्हा। - फोटो : अमर उजाला
निभा रहे अस्पतालों को संक्रमण मुक्त रखने की जिम्मेदारी
वैसे तो अपर नगर आयुक्त डीके सिन्हा पर शहर की स्ट्रीट लाइटों को रोशन रखने की जिम्मेदारी है, लेकिन इन दिनों उनकी भूमिका बदल गई है। महामारी के बीच सफाई के समन्वयक का काम भी वे ही देख रहे हैं। शुक्रवार को भी शहर में विभिन्न स्थानों पर सैनिटाइजेशन कराने के साथ सफाई व्यवस्था की जानकारी लेते रहे।

मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल जैसे हाई सेंसेटिव जगहों को सैनिटाइज कराने की जिम्मेदारी होने की वजह से हरेक छह घंटे पर इन जगहों पर पहुंच जाते हैं और अपनी देखरेख में सोडियम हाइपो क्लोराइड का छिड़काव कराते हैं। यह सिलसिला तब तक चलता है, जब तक भरोसा न हो जाए कि किसी तरह का संक्रमण नहीं रह गया। शहर की सफाई व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों एवं कर्मचारियों से जानकारी भी लेना नहीं भूलते हैं।

4 of 10
अपर नगर आयुक्त, अनिल कुमार सिंह। - फोटो : अमर उजाला
पहले अतिक्रमण, अब कोरोना को हटाने की चुनौती
नगर निगम क्षेत्र काफी बड़ा होने की वजह से इन दिनों अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार सिंह पर शहर के एक जोन को सैनिटाइज कराने के साथ ही बेहतर ढंग से सफाई कराने की भी जिम्मेदारी है। शुक्रवार सुबह भी संबंधित जोन के सैनिटरी इंस्पेक्टर से सैनिटाइजेशन और सफाई व्यवस्था का फीडबैक लिया। साथ ही उन्हें विभिन्न माध्यमों से आयी शिकायतों के निस्तारण का निर्देश दिया।

हालांकि नगर आयुक्त ने इनको मुख्य जिम्मेदारी शहर को अतिक्रमण मुक्त करने की दी है। लेकिन इन दिनों अभियान पूरी तरह से बंद है तो पूरा ध्यान कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने पर है। भूमिका बदली तो दिनचर्या भी बदल गई। अब सुबह से शाम तक कोरोना संक्रमण की चुनौतियों से निपटने और शहर को साफ-सुथरा बनाने में गुजरता है। 
विज्ञापन

5 of 10
उप नगर आयुक्त, संजय शुक्ला। - फोटो : अमर उजाला
दोहरी जिम्मेदारी को बखूबी निभा रहे
जहां नगर निगम के सारे अधिकारियों का सारा जोर सैनिटाइजेशन और सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने पर है, वहीं उप नगर आयुक्त संजय शुक्ला का अधिकांश ध्यान नगर निगम के कान्हा उपवन में रखे गए करीब ढाई हजार बेजुबान गोवंश की भूख-प्यास मिटाने पर रहता है।

शुक्रवार सुबह निगम के कर्मचारी ज्ञान पांडेय से कान्हा उपवन में भूसा, चोकर आदि की उपलब्धता की जानकारी ली। साथ ही गोवंश के खाने-पीने की चीजों में किसी भी तरह की कमी नहीं होने देने का निर्देश दिया। इस जिम्मेदारी के साथ ही संजय शुक्ला शहर के एक जोन में सैनिटाइजेशन और सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने की जिम्मेदारी बखूबी निभा रहे हैं।
विज्ञापन

6 of 10
संयुक्त नगर आयुक्त, अवनींद्र कुमार। - फोटो : अमर उजाला
सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी
शहर के एक जोन की सफाई के अलावा सैनिटाइजेशन की जिम्मेदारी संयुक्त नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार के पास होने के लिहाज से हरेक घंटे सैनिटाइजेशन के संबंध में जानकारी लेते रहते हैं। शुक्रवार सुबह धर्मशाला बाजार से मेडिकल कॉलेज तक की सफाई व्यवस्था देखने निकले। इस दौरान जहां भी व्यवस्था में गड़बड़ी दिखी सफाई इंस्पेक्टर एसएस गुप्ता को इसमें सुधार लाने का निर्देश दिया।
विज्ञापन

7 of 10
मुख्य अभियंता, सुरेश चंद। - फोटो : अमर उजाला
रैन बसेरे में दिलाते हैं आसरा
आपदा की इस घड़ी में शहर में कोई भी व्यक्ति सड़क पर सोता हुआ दिखाई न दे। उसे रैन बसेरे तक पहुंचाने की जिम्मेदारी नगर निगम के चीफ इंजीनियर सुरेश चंद पर ही है। इसके अलावा नगर आयुक्त ने सैनिटाइजेशन टनल का निर्माण कराना, सोशल डिस्टेंसिंग मेंटेन करने के साथ सुरक्षित ढंग से हाथ धोने के लिए कांटेक्टलेस हैंड वाशिंग मशीन के इंस्टॉलेशन की जिम्मेदारी भी इन्हीं को दी है।

8 of 10
नगर स्वास्थ्य अधिकारी, डॉ. मुकेश रस्तोगी। - फोटो : अमर उजाला
सफाई-सैनिटाइजेश के मोर्चा प्रमुख
करीब 2600 सफाई कर्मचारियों के माध्यम से शहर की सफाई कराने की जिम्मेदारी नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मुकेश रस्तोगी पर है। नाला सफाई से लेकर गली मोहल्लों की सफाई पर पैनी निगाहें बनाए रखने के लिए डॉ. रस्तोगी की सुबह करीब पांच बजे से ही सक्रिय हो जाते हैं।

लेकिन इन दिनों कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए बाजार, दफ्तरों के अलावा गली मोहल्लों तक सोडियम हाइपो क्लोराइड का छिड़काव कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग के इंस्पेक्टरों से सामंजस्य बिठाए रखते हैं। नगर स्वास्थ्य अधिकारी बताते हैं कि आजकल काम रात 10 बजे तक चलता रहता है।

9 of 10
मुख्य खाद्य एवं सफाई निरीक्षक, पीएन गुप्ता और अखिलेश श्रीवास्तव। - फोटो : अमर उजाला
कूड़ा उठवाना और सफाई सुनिश्चित कराना पहला दायित्व
शहर से रोजाना करीब 400 मीट्रिक टन कूड़ा निकलता है। करीब 125 गाड़ियों से इस कूड़े को पहले तो शहर में बने कूड़ा केंद्र पर लाया जाता है। इन सबको गंतव्य तक पहुंचवाने की जिम्मेदारी मुख्य खाद्य एवं सफाई निरीक्षक पीएन गुप्ता और अखिलेश श्रीवास्तव पर है।

लेकिन इन दिनों इन दोनों का मुख्य जोर शहर के विभिन्न इलाकों में सैनिटाइजेशन पर है। कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए हरेक उस स्थान पर सोडियम हाइपो क्लोराइड का छिड़काव कराया जाता है जहां इसकी आशंका रहती है।
विज्ञापन

10 of 10
gorakhpur news - फोटो : अमर उजाला
सफाई कर्मियों पर पुष्प वर्षा कर मनोबल बढ़ाया
गोरखपुर। झाड़ू बाबा उर्फ उमेश शुक्ला ने शुक्रवार को सफाई कर्मचारियों पर पुष्प वर्षा कर उनका मनोबल बढ़ाया। उन्होंने कहा कि ये सफाई कर्मचारी सही मायनों में कोरोना वॉरियर्स हैं। झाड़ू बाबा ने शुक्रवार को वार्ड 70 के सफाई कर्मचारियों का सम्मान किया। उधर, समाजसेवी रामनाथ निषाद तथा उनकी पत्नी माया देवी ने वार्ड नंबर 14 झरना टोला में मौजूद सभी सफाई कर्मियों के पांव धोए और फूल बरसाए।

साथ ही सभी सफाई कर्मियों को मास्क बांटे। रामनाथ निषाद ने कहा कि कोरोना वायरस का प्रकोप बहुत तेजी से फैल रहा है। सभी लोग अपने अपने घरों में रहकर लॉकडाउन का पालन कर रहे हैं, लेकिन सफाई कर्मी पूरे वार्ड में हमारे द्वारा फेंका गया कूड़ा करकट चुनकर अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। ऐसे सफाई कर्मियों का सम्मान करना हमारा फर्ज है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें