उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार दोपहर दो बजे बस्ती पहुंचे। मुख्यमंत्री ने कोविड कमांड एवं कंट्रोल सेंटर की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कोरोना संक्रमित लोगों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने डॉक्टर द्वारा मरीजों को दी जाने वाली सलाह, होम आइसोलेशन में रह रहे मरीजों को दवा की उपलब्धता के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने पूछा कि ऑक्सीजन की कोई कमी तो नहीं। अधिकारियों ने वास्तविकता से अवगत कराते हुए कमी न होने की बात कही।
कोविड कमांड एंव कंट्रोल सेंटर में पहुंचने पर सीएम ने वहां स्थापित टेलीफोन की ड्यूटी कर रहे कर्मचारियों से आने वाली कॉल के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने वहां तैनात डॉक्टर से मरीजों के बारे में प्राप्त फीडबैक की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि कोरोना की जांच में पॉजिटिव आने के तत्काल बाद मरीजों को दवा की किट उपलब्ध कराई जाए। यदि व्यक्ति होम आइसोलेशन में है, तो उसे थर्मामीटर तथा पल्स ऑक्सीमीटर की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।