फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गोरखपुर महोत्सव: कमिश्नर ने बताया पूरा शेडयूल, क्या-क्या होगा, बॉलीवुड नाइट कब?

Fri, 10 Jan 2020 12:29 PM IST
विजय जैन डिजिटल न्यूज डेस्क, गोरखपुर
विज्ञापन
1 of 5
गोरखपुर महोत्सव। - फोटो : अमर उजाला
गोरखपुर महोत्सव की तैयारियां आखिरी चरण में पहुंच गई है। तीन दिनों में महोत्सव में जमीन से आसमान तक जमकर धमाल होगा। गोरखपुर विश्वविद्यालय में जहां 11-13 जनवरी तक बॉलीवुड कलाकार रंग जमाएंगे। वहीं नुमाइश ग्राउंड में प्रदर्शनी लगेगी, चंपा देवी पार्क से लेकर नौकायन केंद्र तक पैराग्लाइडिंग और पैरा मोटरिंग के एडवेंचर स्पोर्ट्स का लुत्फ शहरवासी उठा सकेंगे।
विज्ञापन

2 of 5
- फोटो : अमर उजाला
यह जानकारी महोत्सव समिति के अध्यक्ष और गोरखपुर मंडल के कमिश्नर जयंत नार्लीकर ने बुधवार को पत्रकार वार्ता में दी। कहा कि 11 जनवरी को महोत्सव का शुभारंभ राज्यपाल आनंदीबेन पटेल जबकि 13 जनवरी को समापन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहेंगे। उन्होंने बताया कि महोत्सव से पर्यटन व सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। पर्यटकों समेत स्थानीय लोगों को एक ही जगह पर कला, संस्कृति, शिल्प, व्यंजन, गीत-संगीत, योग, साहसिक पर्यटन, क्रीड़ा व शासन की योजनाओं बारे में जानकारी मिलेगी।

स्थानीय कला व संगीत को प्रोत्साहित करने के लिए कलाकारों को मुख्य मंच पर प्रचुर समय दिया जाएगा। उद्घाटन अवसर पर जयंती माला द्वारा कत्थक की प्रस्तुति की जाएगी। इसके बाद विभिन्न स्कूलों के प्रतिभागी बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम किए जाएंगे। राष्ट्रीय व स्थानीय कलाकारों द्वारा सबरंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र होगी।
विज्ञापन

10,632 बच्चे देखेंगे बाल फिल्म

3 of 5
gorakhpur mahotsav - फोटो : अमर उजाला
महोत्सव के अंतर्गत प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और कस्तूरबा बालिका विद्यालयों में पढ़ने वाले 10,632 विद्यार्थियों को बाल फिल्म दिखाई जाएगी। शहर के एडी मॉल, वीनस पीवीआर, सिटी मॉल, ओरियल मॉल, विजय पिक्चर पैलेस और माया सिनेप्लेक्स में प्रतिदिन 3544 बच्चों को फिल्म दिखाई जाएगी। इसके लिए छोटी भीम, सुपर 30, फ्रोजन 2, लॉयन किंग सरीखी नौ फिल्मों का चयन किया गया है। 11-13 जनवरी तक फिल्मों का प्रदर्शन होगा।

रंग जमाएंगे बॉलीवुड कलाकार बिखेरेंगे जलवा
महोत्सव के अंतर्गत बॉलीवुड नाइट का आयोजन 11 जनवरी को होगा। पहले दिन सुरों की मल्लिका अल्का याज्ञनिक अपनी सुरीली आवाज का जादू बिखेरेंगी। वहीं 12 जनवरी को भोेजपुरी नाइट में लोकगायक भरत शर्मा व्यास लोकगीतों से माटी की सुगंध बिखेरेंगे।
13 जनवरी को आयोजित होने वाली बॉलीवुड नाइट में सोनू निगम, भजन गायिका अनुराधा पौंडवाल, कामेडियन राजू श्रीवास्तव और सिनेअभिनेता तथा सदर सांसद रवि किशन अटल बिहारी बाजपेयी की कविताओं का पाठ करेंगे। इनके अलावा नेहा बनर्जी द्वारा कत्थक नृत्य व दशावतार पर नृत्य नाटिका, गीतांजलि शर्मा के मयूर नृत्य, सैक्सोफोन वादक एसएस सुब्बालक्ष्मी भी अपने कला का जलवा दिखाएंगे।

सात दिवसीय होगा शिल्प मेला

4 of 5
gorakhpur mahotsav - फोटो : अमर उजाला
महोत्सव में 11-17 जनवरी तक विश्वविद्यालय प्रागंण में शिल्प व सरस मेले का आयोजन किया जाएगा। इसमें 100 हस्तशिल्प स्टाल, वाणिज्यिक स्टाल आदि के माध्यम से हस्त शिल्पियों व उनकी वाणिज्यिक गतिविधियों का भी प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसी दौरान व्यापार मेला व आटोमोबाइल एक्सपो का आयोजन भी प्रस्तावित है। महोत्सव में उद्यमियों व प्रायोजकों को भी प्रचार-प्रसार के लिए स्टाल उपलब्ध कराया जा रहा है। फूड स्टाल, पुस्तक मेला, गेम जोन और विभागीय प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। विश्वविद्यालय प्रांगण में ही छात्र-छात्राओं के बौद्धिक विकास के लिए विज्ञान प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा।

जन कल्याणकारी योजनाओं की लगेगी प्रदर्शनी
प्रदेश सरकार की विकासपरक योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पर्यटन, सूचना, संस्कृति, समाज कल्याण, पशुपालन, कृषि, फ्रूट एंड वेजीटेबल शो, पुष्प प्रदर्शनी समेत अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं वाले विभागों द्वारा प्रदर्शनी लगाई जाएगी। महिला एवं बाल विकास द्वारा बेटी पढ़ाओ-बेटी बचाओ की प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र होगी। 12 जनवरी को युवा दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय स्थित प्रेक्षागृह में स्वामी विवेकानंद व सरदार वल्लभ भाई पटेल के जीवन चरित्र पर आधारित नाट्य प्रस्तुति की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

चंपा देवी पार्क में हाट एयर बैलूनिंग का मजा

5 of 5
फाइल फोटो। - फोटो : amar ujala
11-17 जनवरी तक नुमाइश ग्राउंड , रामगढ़ ताल पर महात्मा गांधी, स्वामी विवेकानंद समेत अन्य महापुरुषों के जीवन चरित्र पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। इसके अलावा गुरु गोरक्षनाथ के जीवन चरित्र पर आधारित मोबाइल प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र होगी। पर्यटकों व स्थानीय लोगों के मनोरंजन के लिए हाट एयर बैलूनिंग, स्वान प्रदर्शनी व साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए चंपा देवी पार्क में पैरा मोटर ग्लाइडिंग का भी आयोजन किया गया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें