कंगना रणौत द्वारा होस्ट किए जाने वाले शो 'लॉकअप' में हर रोज नया हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिलता है। अब, जितना यह शो फिनाले की ओर बढ़ रहा है, इसका खेल उतना ही रोमांचक होते जा रहा है। जेल के सारे कैदी टिकट-टू-फिनाले पाने के लिए हर तरह के दांव-पेंच का इस्तेमाल करते नजर आ रहे हैं। ऐसा ही कुछ शो में हाल ही में हुए टास्क के दौरान देखने को मिला, जिसमें हर खिलाड़ी ने एक-दूसरे को जोरदार कॉम्पिटिशन दिया। शो के इस आखिरी पड़ाव में सभी कंटेस्टेंट्स दोस्ती भूलकर एक-दूसरे के दुश्मन बन चुके हैं। लगातार आते ट्विस्ट-एंड-टर्न्स के बीच कुछ ही दिनों पहले एलान हुआ था कि इस हफ्ते होने वाले टास्क में जीतने वाला खिलाड़ी सीधे फिनाले में पहुंच जाएगा। इस टास्क को जीतने के लिए सभी ने पूरा जोर लगाया। शो के सबसे स्ट्रॉन्ग कंटेस्टेंट मुनव्वर फारूकी ने भी टास्क को अपने नाम करने के लिए जोरदार कोशिश की लेकिन लाख कोशिशों के बाद भी एक ही कंटेस्टेंट की किस्मत चमकी और वह फिनाले में पहुंच गया।