बॉलीवुड की पंगा गर्ल अभिनेत्री कंगना रणौत अपने बेबाक अंदाज और बयानों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहती हैं। अपनी फिल्मों के जरिए लोगों के दिल में जगह बनाने वाली कंगना रणौत जल्द ही अपना डिजिटल डेब्यू करने वाली हैं। बड़े पर्दे पर अपने अभिनय और बेबाकी का डंका बजा चुकीं एक्ट्रेस अब ओटीटी प्लेटफॉर्म पर धमाका करने वाली हैं। कंगना जल्द ही ओटीटी पर आने वाले अपने रियलिटी शो लॉकअप में नजर आने वाली हैं। इसी क्रम में अभिनेत्री ने हाल ही में अपने इस रियलिटी शो का टीजर सोशल मीडिया पर शेयर किया है।
सामने आए शो के इस टीजर में अभिनेत्री का धाकड़ अंदाज देखने को मिल रहा है। टीजर में कंगना रणौत तीखे अंदाज में हाथों में डंडा लिए जेल के चक्कर लगाती नजर आ रही हैं। हाथों में डंडा घुमाते हुए अभिनेत्री तीखे तेवर में बात भी नजर आईं। वीडियो में कंगना कहती हैं, 'इस दुनिया में दो तरह के लोग हैं। एक जो मुझे पसंद करते हैं और दूसरे बी ग्रेड स्ट्रग्लर्स जो मेरी बुराई कर के न्यूज में रहते हैं।'