टेलीविजन की मशहूर अभिनेत्री मौनी रॉय कल यानी गुरुवार को अपने बॉयफ्रेंड सूरज नांबियार के साथ सात फेरे लेने वाली हैं। इसी क्रम में अब शादी से पहले एक्ट्रेस की मेहंदी और हल्दी समारोह का आयोजन किया गया। शादी से पहले होने वाली इन रस्मों को अभिनेत्री ने 26 जनवरी, बुधवार को आयोजित किए। मौनी के मेहंदी और हल्दी समारोह की झलक अब सोशल मीडिया पर सामने आ चुकी है। दरअसल, सोशल मीडिया पर इन समारोह की वीडियो सामने आते ही यह इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रही है।
टीवी एक्ट्रेस अनिता हसंनदानी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर मौनी रॉय के मेहंदी और हल्दी समारोह का एक छोटा सा वीडियो शेयर किया है। वीडियो को शेयर करते हुए एक्ट्रेस ने कैप्शन में लिखा, ‘शादी की रस्में धूमधाम से शुरू हो गई हैं! और हमारी होने वाली दुल्हन को देखो!’ इस वीडियो में एक्ट्रेस मौनी रॉय और उनके होने वाले पति सूरज नांबियार एक टब में गेंदे की पंखुड़ियां के बीच बैठे दिखाई दे रहे हैं।