लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजे सबके सामने हैं। एग्जिट पोल गलत साबित हुआ है और जो परिणाम निकलकर आया है उसने सभी को हैरान कर दिया है। रामानंद सागर की 'रामायण' में लक्ष्मण की भूमिका निभाकर घर-घर अपनी पहचान बनाने वाले अभिनेता सुनील लहरी भी परिणाम को देखकर निराश हैं। सुनील को सबसे बड़ा झटका यूपी की फैजाबाद (अयोध्या) सीट के नतीजे को देखकर लगा है। अभिनेता ने भाजपा को वोट न देने के लिए अयोध्या के लोगों पर हमला बोला है। पार्टी के नेतृत्व में ही इस साल जनवरी में अयोध्या में राम मंदिर का उद्घाटन किया गया। हालांकि, जब मंगलवार (4 जून) को लोकसभा चुनाव परिणाम घोषित हुए, तो भाजपा के लल्लू सिंह फैजाबाद निर्वाचन क्षेत्र, जहां मंदिर स्थित है, समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार अवधेश प्रसाद से हार गए।