टेलीविजन का मशहूर क्विज रियलिटी शो कौन बनेगा करोड़पति बीते 21 सालों से दर्शकों का मनोरंजन कर रहा है। इस शो के लिए दर्शकों का प्यार किसी दीवानगी से कम नहीं। शो को कई सालों से होस्ट कर रहे बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन भी इसे अपनी जिंदगी का एक हिस्सा बना चुके हैं। बिग बी के एक खास अंदाज ने आज भी इस शो का स्वाद पुराना नहीं होने दिया। यही वजह है कि 21 सालों बाद भी दर्शक यह शो आज भी सब उतने ही उत्साह और ललक से देखते है, जितने इसकी शुरुआत से देखा करते थे।
इन 21 सालों में शो का हिस्सा बने हर कंटेस्टेंट की एक अलग कहानी देखने को मिली। हर कहानी से जुड़ते- जुड़ते शो ने अपना एक यादों का पिटारा बना लिया। इसी यादों के पिटारे को समेटे अब इस शो ने अपने 1000 एपिसोड पूरे कर लिए हैं। दर्शकों के प्यार के कारण देखते ही देखते यह शो इस मुकाम तक पहुंच गया। ऐसे में इस खास मौके का जश्न मनाने के लिए इस शुक्रवार अमिताभ बच्चन के साथ नजर आएंगी उनकी बेटी और नातिन।