इंडियन आइडल 12 का ये सीजन कई कारणों से चर्चा में रहा है। इस लोकप्रिय सिंगिंग रियलिटी शो में इस बार जजों से लेकर प्रतियोगियों तक सब सवाल के घेरे में खड़े हो गए। किसी अतिथि ने शो से जाने के बाद निर्माताओं पर ये आरोप लगाया कि उनसे जबरदस्ती कुछ प्रतियोगियों की तारीफ करवाई जाती थी तो कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर शो के जज नेहा कक्कड़, हिमेश रेशमिया और अनु मलिक पर भी पक्षपात करने के आरोप लगा दिए। इस शो की मेजबानी करने वाले आदित्य नारायण पर भी कई सवाल उठे और वो अपना पक्ष रखते हुए नजर आए। अब फर्जी फैसले के बढ़ते आरोपों पर शो के मेजबान आदित्य नारायण ने अपनी चुप्पी तोड़ दी है।
आदित्य नारायण ने शो को फर्जी कहने वालों को दिया जवाब
आदित्य नारायण इस शो की मेजबानी कर रहे हैं, ऐसे में अपनी जिम्मेदारी को निभाते हुए वो आगे आए और उन्होने शो के फर्जी फैसले के बढ़ते आरोपों पर अपनी चुप्पी तोड़ दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आदित्य नारायण ने इस मुद्दे पर बातचीत की है और कहा है, 'हमारे निर्माता सोनी, फ्रेमेंटल और टीसीटी पूरी टीम के साथ इस सीजन को मिले प्यार और सफलता से बहुत खुश हैं। यह शो पिछले कई सालों से लोग देखते आए हैं। ये सबसे अधिक देखा जाने वाला सिंगिंग रियलिटी शो हैं। हम सिर्फ शो की अच्छी चीजों पर ध्यान देना चाहते हैं, शो को लेकर बढ़ रही नकारात्मकता के बारे में हम नहीं सोचेंगे। हम इस सीजन को प्यार और पूरी सकारात्मकता के साथ खत्म करना चाहते हैं।