टीवी जगत का सबसे मशहूर सिंगिंग रियलिटी शो इंडियन आइडल धीरे धीरे अपने अंतिम पड़ाव की ओर पहुंच रहा है। शो का फिनाले 15 अगस्त को होना है जिसके लिए जोरो शोरों से तैयारियां चल रही हैं। होस्ट, जजेज और शो के धमाकेदार कंटेस्टेंट फिनाले को बेहद शानदार बनाने में जुटे हैं। जैसे जैसे शो का ग्रांड फिनाले नजदीक आ रहा है तब से ही इससे जुड़ी हर छोटी बड़ी खबर पर लोगों की नजरें टिकी हुई हैं। मुकाबले की इस कड़ी टक्कर में अब छह दावेदर हैं। पवनदीप राजन, सायली कांबले, निहाल, शनमुखप्रिया, अरुणिता कांजीलाल, मोहम्मद दानिश में से कोई एक शो का विजेता होगा। वहीं शो के फिनाले से पहले वाले हफ्ते में जाने माने फिल्ममेकर करण जौहर खास जज बनकर पहुंचने वाले हैं। उनके स्वागत में सभी कंटेस्टेंट्स करण जौहर की यादगार फिल्मों के हिट गानों की प्रस्तुति देंगे।
वहीं इस एपिसोड में पवनदीप राजन और अरुणिता कांजीलाल की भी जबरदस्त कैमेस्ट्री देखने को मिलेगी। दरअसल, शो का एक नया प्रोमो सामने आया है जिसमें अरुणिता अपने जीवन में केकेएचएच (कुछ कुछ होता है) के राहुल जैसा लड़का चाहती हैं, वहीं करण भी उनकी चुटकी लेते नजर आते हैं और कहते हैं, 'जैसे हर अंजली को राहुल की जरूरत है, वैसे हर अरुणिता को पवनदीप की जरुरत है।'