इंडियन आइडल 12 का आने वाला वीकेंड एपिसोड काफी खास होने वाला है। इस एपिसोड में गेस्ट जज के रूप में सुरों की मल्लिका आशा भोसले आने वाली हैं। इसकी एक खास झलक भी सोशल मीडिया पर साझा की गई।आशा जी ने इस सीजन की ट्रॉफी की पहली झलक भी दिखा दी है।आशा भोसले ने इस एपिसोड में कंटेस्टेंट के साथ जमकर मस्ती की और अपनी गायिकी के कई मजेदार किस्से भी साझा किए। आशा ताई ने बताया कि वो फिल्म तीसरी मंजिल का गाना 'आजा आजा मैं हूं प्यार तेरा' गाने के लिए शुरू में तैयार नहीं थीं।
आशा भोसले ने सुनाया मजेदार किस्सा
इसके साथ ही उन्होंने बताया कि जब वो इस गाने का कार में बैठे बैठे अभ्यास कर रही थीं तो उनका ड्राइवर उन्हें देखकर डर गया था। अपनी गायिकी से लाखों-करोड़ों दिलों पर राज करने वाली आशा भोसले ने बताया कि, 'ये गाना 'आजा आजा मैं हूं प्यार तेरा...' गाना मेरे लिए काफी मुश्किल था। आर डी बर्मन साहब एक दिन मेरे घर आए, बाजा लिया और गाना गाने के लिए मुझसे विनती की। जब मैंने उन्हें ओह आ जा, आह आह प्ले करते हुए सुना तो मुझे हैरानी हुई क्योंकि मुझे नहीं लगता था कि मैं ये कर पाऊंगी'।