अभिनेता ने बताया कि बीते कुछ वक्त से उनकी किडनी में कुछ दिक्कत है। इससे उनका पैर भी काफी सूज गया है। अब यूरीन पर भी कोई कंट्रोल नहीं रहता है। पैसों की तंगी के चलते डायपर तक नहीं खरीद पा रहे हैं।
एफआईआर, मे आई कम इन मैडम, जीजा जी छत पर हैं, जैसे सीरियल से पहचान बनाने वाले अभिनेता ईश्वर कुमार की हालत बेहद गंभीर है। कोरोना महामारी में काम छिनने के बाद से वह बेरोजगार हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने अपनी हालत बयां की।
Trending Videos
विज्ञापन
2 of 7
Shaan and FIR actor Ishwar Kumar
- फोटो : social media
डायपर खरीदने के लिए भी पैसे नहीं
अभिनेता ने अपनी बीमारी के बारे में बताते हुए कहा कि बीते कुछ वक्त से उनकी किडनी में कुछ दिक्कत है, जिससे उनका पैर काफी सूज गया है। इसके अलावा यूरीन पर भी उनका कंट्रोल नहीं रहता है। जब यह समस्या हुई थी, तब वह डायपर इस्तेमाल करते थे। अब पैसों की तंगी के चलते डायपर तक नहीं खरीद पा रहे हैं। फिलहाल वह कागज और रद्दी न्यूज पेपर से काम चला रहे हैं। उन्होंने बताया कि वह किसी अच्छे डॉक्टर से इलाज नहीं करा पा रहे हैं, क्योंकि अब उनके पास पैसे ही नहीं हैं।
बिगड़ते हालात के कारण कुछ भी करने में असमर्थ
ईश्वर कुमार ने बताया कि मेरे घर में मां और भाई की तकलीफ भी काफी ज्यादा है कि मैं खुद के बारे में सोच भी नहीं सकता। मेरे भाई को सिजोफ्रेनिया है, जिसके इलाज के लिए उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया था, लेकिन वहां डॉक्टरों और अस्पताल ने हाथ खड़े कर दिए। फिलहाल मेरा भाई नासिक के एक आश्रम में है, जहां हर महीने तीन हजार रुपये जमा करने होते हैं। आश्रम वालों ने मेरी स्थिति देखते हुए पांच की जगह तीन हजार रुपये देने को कहा था। इसके बावजूद मेरी हालत इतनी खराब है कि तीन हजार रुपये भी जमा नहीं कर पा रहा हूं। मेरी मां बीते लॉकडाउन से ही बिस्तर पर हैं। उन्हें होश नहीं रहता है और अक्सर कपड़ों में ही पेशाब कर देती हैं।
सीरियल के कलाकारों ने की मदद
ईश्वर आगे बताते हैं कि मैंने अभी तक जिन भी सीरियल में काम किया है, वहां के कई कलाकारों ने और टीम के लोगों ने आर्थिक मदद की। कोरोना महामारी और लॉकडाउन के कारण उनके भी हाथ तंग हैं। हाल ही में शो के कैमरा दादा ने मुझे पांच हजार रुपये भेजे थे। मैं काम करना चाहता हूं, लेकिन अब शरीर साथ नहीं देता है।
हालात देख बुरा महसूस होता है
अभिनेता ने बताया कि वह हाईप सिटी स्थित ओला गांव में अपनी बहन के पास रहते हैं। फिलहाल उनकी बहन ही उनका और मां का ख्याल रखती है। बहन के पति की कमाई 20 हजार से भी कम है। इन हालात में दोनों की देखभाल करना मुश्किल होता है, लेकिन वह यह सब कैसे करती है, देखकर बहुत बुरा महसूस होता है।
घर कोई खरीदने को तैयार नहीं
उन्होंने बताया कि ठाणे में उनका घर है। वह उस घर को बेचना चाहते हैं, लेकिन आधिकारिक इमारत नहीं होने के चलते उसे कोई नहीं खरीद रहा है। फिलहाल इस पर फैसला आना बाकी है।
जल्द ही बीमारी से आएंगे बाहर
इतने बुरे हालात के बाद भी ईश्वर का कहना है कि उन्होंने हिम्मत नहीं हारी है। उन्हें पूरा भरोसा है कि वह इस बीमारी से जल्द बाहर आ जाएंगे, जिसके बाद वह फिर ऑडिशन देंगे और एक बार फिर काम शुरू करेंगे। उन्होंने बताया कि मैंने एक-दो ऑडिशन दिए हैं, लेकिन काम देने के लिए कोई तैयार नहीं है।