फिल्म इंडस्ट्री में पंगा गर्ल के नाम से मशहूर अभिनेत्री कंगना रणौत अक्सर अपने बयानों और टिप्पणी को लेकर चर्चा में बनी रहती हैं। इसी क्रम में अब अभिनेत्री एक बार फिर सुर्खियों में हैं। दरअसल एक्ट्रेस कंगना रणौत जल्द ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपना डेब्यू करने जा रही हैं। हाल ही में सामने आई जानकारी के मुताबिक अभिनेत्री एकता कपूर के नए शो लॉकअप के साथ अपना डिजिटल डेब्यू करने वाली हैं। अभिनेत्री इस शो में होस्ट की भूमिका में नजर आने वाली हैं। हालांकि, कंगना बॉलीवुड की पहली ऐसी कलाकार नहीं हैं, जो फिल्मों के बाद होस्टिंग में भी अपना हाथ आजमाती नजर आ रही हैं। इससे पहले भी कई बड़े कलाकार होस्टिंग के जरिए दर्शकों का दिल जीत चुके हैं। आइए जानते हैं ऐसे ही कुछ फिल्मी सितारों के बारे में-
अमिताभ बच्चन
बॉलीवुड के शहंशाह अभिनेता अमिताभ बच्चन फिल्मों के अलावा टीवी के मशहूर रियलिटी शो को भी होस्ट करते नजर आ रहे हैं। बीते 21 सालों से कौन बनेगा करोड़पति को होस्ट कर रहे अमिताभ बच्चन का यह शो दर्शकों को बेहद पसंद आता है। अभिनेता ने यह शो तक चुना था, जब उनकी आर्थिक स्थिति बिगड़ रही थी। लेकिन आज यह शो पॉपुलैरिटी के मामले में किसी से कम नहीं है।