चर्चित और विवादित रियलिटी शो बिग बॉस के 15वें सीजन के फिनाले से पहले आयोजित हुए वीकेंड का वार एपिसोड में शो के होस्ट सलमान खान एक बार फिर घरवालों से मुखातिब हुए। घरवालों से बातचीत करते हुए सलमान खान ने बीते हफ्ते घर में हुए सभी बवालों और हंगामों का हिसाब- किताब किया। इस दौरान सलमान खान ने करण कुंद्रा, अभिजीत बिचुकले और उमर रियाज की जमकर क्लास लगाई। इतना ही नहीं सलमान खान ने करण कुंद्रा और उमर रियाज की दोस्ती को लेकर भी कई तरह के सवाल उठाए।
बीते दिनों घर में हुए टास्क के दौरान करण कुंद्रा के फैसलों और उनके बर्ताव के चलते सलमान खान ने शुरुआत में ही करण कुंद्र को अपने निशाने पर ले लिया। उन्होंने करण से पूछा कि शमिता शेट्टी और प्रतीक सहजपाल के बीच हुए टिकट फिनाले टास्क में करण किसको सपोर्ट कर रहे थे। लेकिन सलमान खान के पूछे इस सवाल का करण कोई भी स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए। इस पर सलमान ने बताया कि टास्क के दौरान मिर्ची का धुंआ देने के समय प्रतीक पानी पीने के लिए झुके थे, लेकिन शमिता ने कोई भी प्रतिक्रिया नहीं दी। ऐसे में वह इस टास्क की विजेता होनी चाहिए थी, लेकिन आपने शमिता का स्टैंड नहीं लिया।