बिग बॉस 15 अपने छठे हफ्ते में पहुंच चुका है और इस दौरान घर में काफी कुछ ड्रामा देखने को मिला। पहले हफ्ते से लेकर तीसरे हफ्ते तक दोस्त रहे विशाल कोटियन और जय भानुशाली के रिश्ते में चौथा हफ्ता आते-आते दरार आ गई और छठे हफ्ते में इनकी जय-वीरू की दोस्ती दुश्मनी में बदल गई। इस हफ्ते बिग बॉस के वीकेंड के वार के बाद दोनों के बीच जमकर झगड़ा देखने को मिला, जहां दोनों ने न सिर्फ एक-दूसरे को खरी-खोटी सुनाई, बल्कि अपशब्द भाषा का भी प्रयोग किया।
विशाल-जय को मिली खाना बनाने की ड्यूटी
विशाल और जय दोनों को ही कभी किचन में खाना बनाते हुए बिग बॉस के घर में नहीं देखा गया। ऐसे में बिग बॉस ने इन दोनों को ही खाना बनाने की ड्यूटी दे डाली। दरअसल बिग बॉस ने शमिता शेट्टी, तेजस्वी प्रकाश और निशांत भट्ट को कंफेशन रूम में बुलाया और उनसे कहा, ‘जब से आप तीनों बिग बॉस के घर में आए हैं तबसे आप ही किचन में अधिकतर खाना बनाते हुए पाए गए हैं। आज आप तीनों को मिलकर उन दो सदस्यों का नाम लेना है जो न सिर्फ घर में बल्कि बाहरी दुनिया में भी खाना बनाना नहीं जानते हैं।