टेलीविजन के सबसे चर्चित और विवादित रियलिटी शोज में से एक बिग बॉस का 15वां सीजन अब अपने फिनाले के नजदीक पहुंच चुका है। ऐसे में फिनाले में अपनी जगह बनाने के लिए कंटेस्टेंट्स के बीच मुकाबला की टक्कर का होता दिख रहा है। शो के फिनाले वीक के लिए सदस्यों का चुनाव करने के लिए बिग बॉस घर वालों को कड़े टास्क दे रहे हैं। ऐसे में बीते दिनों शो में सभी सदस्य बिग बॉस के दिए फिनाले टास्क को करते नजर आ रहे हैं। बीते दिन प्रसारित हुए एपिसोड में प्रतीक, शमिता और अभिजीत टिकट टू फिनाले टास्क में एक- दूसरे से मुकाबला करते नजर आए। हालांकि, इस राउंड में किसी के भी विजेता ना बनने की वजह से यह टास्क खारिज कर दिया गया।
वहीं, टास्क के बाद देवोलीना और अभिजीत बिचुकले के बीच हुई जोरदार लड़ाई ने घर में तहलका मचा दिया। दरअसल टास्क के दौरान शमिता और प्रतीक के चेहरे पर एक्सप्रेशन लाने की कोशिश करते हुए अभिजीत ने शमिता और प्रतीक को लेकर कई आपत्तिजनक बातें कह डाली, जिस पर प्रतीक अभिजीत पर गुस्सा करते नजर आए।