टेलीविजन के मशहूर रियलिटी शो बिग बॉस के 15वें सीजन के फिनाले में अब कुछ ही दिन बाकी रह गए हैं। ऐसे में अब शो के कंटेस्टेंट और बिग बॉस इस सीजन के फाइनलिस्ट के नाम तय करने की हर संभव कोशिश कर रहे हैं। फिनाले वीक में अपनी जगह बनाने के लिए एक और जहां सभी सदस्य जी तोड़ मेहनत कर रहे हैं। तो वहीं दूसरी ओर बिग बॉस भी लगातार घरवालों को टास्क के जरिए फिनाले में जगह बनाने का मौका दे रहे हैं। हालांकि घरवालों के विरोध और असहमति के कारण एक के बाद एक टास्क रद्द होने के बाद अब बिग बॉस ने घर वालों को सबक सिखाने के लिए शो में नया ट्विस्ट लाया है। इसके तहत बिग बॉस ने घर में चार नए सदस्यों की एंट्री कराई है।
खास बात यह है कि यह 4 सदस्य घर में पहले से मौजूद सदस्यों से अलग बिग बॉस के घर के दूसरे हिस्से में रह रहे हैं। दरअसल, बीते एपिसोड में बिग बॉस ने सभी घरवालों को बताया था कि टास्क रद्द होने की वजह से इस सीजन के फाइनलिस्ट अभी तक तय नहीं हो सके हैं। ऐसे में बिग बॉस द्वारा घर में लाए चार नए सदस्यों ने फिनाले टास्क जीतकर टिकट टू फिनाले हासिल कर लिया है।