रियलिटी शो बिग बॉस में उठक-पटक का दौर जारी है। गेम में हर हफ्ते कोई ना कोई प्रतियोगी बाहर हो रहा है। घर से निकलने वाले सदस्यों की सूची में एक नाम खेसारी लाल यादव का भी जुड़ गया है। तीन हफ्ते घर में रहने के बाद वह अब घर से बाहर हो चुके हैं। घर से बाहर निकलते ही उन्होंने अमर उजाला से बात की और बताया कि आखिर बिग बॉस के घर के अंदर किस तरह का खेल चल रहा है।
किस वजह से आप बिग बॉस के घर से इतनी जल्दी बार हो गए?
घर में, मैं सभी के साथ अपनी सच्चाई के साथ जुड़ना चाहता था लेकिन वहां सच्चाई नहीं चलती है। घर में आप कितनी अच्छी गाली दे सकते हैं और कितनी अच्छी लड़ाई कर सकते हैं, बस इसी चीज का मोल है। हालांकि मैं उस तरह का आदमी नहीं हूं। मैं किसी को गाली देकर या फिर किसी से बेवजह लड़ाई लड़कर खुद को प्रमोट नहीं कर सकता हूं। इसलिए मेरे वहां रहने की कोई वजह नहीं थी और अब मैं घर के बाहर आ गया हूं।