नए साल की चकाचौंध के बीच बिग बॉस में आज रात एक और धमाका होगा। इस धमाके की गूंज इतनी तेज होगी कि सभी घरवाले सारी हदें पार कर जाएंगे। इसके साथ ही घर का माहौल और बिगड़ जाएगा।
बिग बॉस के प्रोमो के मुताबिक आज घर में एक टास्क होगा। इस टास्क में सभी घरवालों को आपस में डिसाइड करके ये फैसला लेना होगा कि कौन अपने आपको किस नंबर पर रखता है। इसके लिए बिग बॉस ने घर में एक पोडियम भी रखा है जिसमें 1 से लेकर 6 नंबर लिखे हैं।
इस टास्क का ऐलान होते ही घर में एक नई जुबानी जंग शुरू हो गई। जहां एक ओर सभी घरवाले ये सोचने में लगे थे कि कौन किस पोजीशन पर होगा इसी बीच आकाश सभी से कह देते हैं कि वो अपने आप को नंबर एक पर देखते हैं। जिसके बाद सभी घरवालों के बीच बहस शुरू हो जाती है।
आकाश के कहते ही हिना कहती हैं कि मैं आपको पहले नंबर पर नहीं देखती। इसी बीच विकास कहते हैं कि आपको तीसरे चौथे पर देखता हूं। तभी आकाश भड़क जाते हैं और गुस्से में विकास से कहते हैं कि मुझसे ज्यादा इस घर में कौन इंटरटेनिंग है। सारे शेड्स मैंने इस घर में दिखाए हैं।
इसी बीच आकाश जाते हैं और पोडियम पर पहले नंबर पर जाकर खड़े हो जाते हैं। तभी पुनीश कहते हैं कि वो अपने आप को नंबर एक पर देखते हैं और दूसरे पर आकाश और तीसरे पर लव को। ऐसा इसलिए क्योंकि हम लोग कॉमनर है और बिनी किसी टैग के इतनी फैन फॉलोइंग के साथ घर पर टिके हैं।
आकाश के बार बार अपने आप को नंबर एक पर दिखाने पर सभी घरवाले भड़क जाते हैं। सभी के बीच झगड़ा शुरू हो जाता है। अब देखना ये दिलचस्प होगा कि किसको किस नंबर पर जगह मिलती है।