श्रद्धा कपूर और राजकुमार राव की फिल्म 'स्त्री 2' को सिनेमाघर में दर्शकों की दमदार प्रतिक्रिया मिली है। 'स्त्री' का सीक्वल छह साल के अंतराल के बाद 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रिलीज हुआ, जिसे समीक्षकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया तो मिली ही, साथ ही प्रशंसकों ने फिल्म की कहानी और कलाकारों की अदाकारी को भी खूब सराहा। फिल्म ने पहले दिन ही बंपर ओपनिंग ली और कई इतिहास रच डालें। स्त्री 2 ने पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर 51 करोड़ 8 लाख रुपये की कमाई की और इसी के साथ फिल्म 15 अगस्त पर सबसे ज्यादा ओपनिंग लेने वाली फिल्म बन गई। पहले दिन ही फिल्म ने दमदार सफलता हासिल कर ली और इस सफलता का जश्न मनाने के लिए निर्माताओं ने फिल्म की सक्सेस पार्टी का आयोजन किया। इस खास मौके पर इंडस्ट्री के कई सितारों ने शिरकत की।