कन्नड़ फिल्मों के अभिनेता-निर्देशक ऋषभ शेट्टी की हालिया रिलीज फिल्म 'कांतारा' ने पिछले साल बॉक्स ऑफिस पर राज किया है। भारत के साथ-साथ दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने वाली इस फिल्म की कहानी कर्नाटक के पारंपरिक प्रथाओं के इर्द-गिर्द बुनी गई थी। दर्शकों को इस फिल्म की कहानी से लेकर ऋषभ शेट्टी की एक्टिंग तक सभी कुछ खासा पसंद आया था। 'कांतारा' की अपार सफलता के बाद फिल्म के निर्देशक और अभिनेता ऋषभ शेट्टी ने इसके दूसरे पार्ट 'कांतारा 2' का जब से एलान किया है, तभी से फैंस काफी उत्सुक हैं। फिल्म की रिलीज का इंतजार कर रहे लोगों को बता दें कि 'कांतारा 2' की शूटिंग शुरू करने से पहले अभिनेता ने भूत कोला फेस्टिवल में हिस्सा लिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।