फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बाइस्कोप: 'शोले' का अनसुलझा तिलिस्म, जब जय और वीरू की जोड़ी को समलैंगिक बताने की हुई थी कोशिश

विज्ञापन
1 of 10
शोले - फोटो : अमर उजाला
मुंबई में कोकिलाबेन अस्पताल के पास बनी एक इमारत की लिफ्ट में निर्देशक रमेश सिप्पी अक्सर अंदर जाते या बाहर निकलते वक्त टकराते हैं। कभी दुआ सलाम होती है, कभी वह अपनी पत्नी किरण जुनेजा से बातें करते बाहर निकल जाते हैं और कभी मैं इमारत के वॉचमैन से दुआ सलाम करते हुए अंदर चला जाता हूं। रमेश सिप्पी के आसपास न अब लोग होते हैं, न प्रशंसक उनके पीछे भागते हैं। वह खुद भी सिनेमा से धीरे धीरे दूर ही हो गए। उनकी निर्देशित अब तक की आखिरी फिल्म 'शिमला मिर्ची' लंबे समय तक रिलीज की राह तकने के बाद  इसी साल की शुरूआत में रिलीज हुई। लेकिन, समय हमेशा ऐसा नहीं था, कभी उनके आसपास सितारों का मेला लगता था। और, इसकी शुरूआत हुई थी हिंदी सिनेमा की कालजयी फिल्म शोले से, जिसका तिलिस्म आज तक अनसुलझा है। फिल्म में सिक्का उछालकर फैसला करने वाला जय का स्टाइल बाद में क्रिस्टोफर नोलन जैसे निर्देशक ने अपनी फिल्म 'डार्कनाइट बिगिन्स' में इस्तेमाल किया। इस तिलिस्म पर एक आलेख मैंने 'अमर उजाला' की फिल्म मैगजीन 'रंगायन' में 19 साल पहले लिखा था। आज उसे बाइस्कोप के पाठकों के लिए फिर से ले आया हूं।

विज्ञापन

2 of 10
शोले - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
शायद नौ साल की उम्र किसी फिल्म के विश्लेषण के लिए बहुत कम या कहें कि नाकाफी होती है। लेकिन, 'शोले' जब रिलीज हुई तो मैं इतना ही बड़ा था। तब किशोरवय रही पीढ़ी आज जवानी के आखिरी दौर से गुजर रही है और उस समय जवान रहे लोग अब सिर से उड़ते बालों और रोजमर्रा को जरूरतों को पूरा करने की उलझनों में गिरफ्तार होकर रह गए हैं। लेकिन, अपनी रिलीज के पच्चीस साल बाद (2001 में) भी शोले का तिलिस्म टूटा नहीं है। फिल्म की वितरक कंपनी राजश्री पिक्चर्स के दफ्तरों में आज भी इस फिल्म की बुकिंग धड़ल्ले से होती है और कई बार ऐसा भी हो चुका है कि इस फिल्म ने नई रिलीज फिल्मों से ज्यादा कारोबार अपने पुन: प्रदर्शन पर किया है। शोले का जादू ही ऐसा है। यह इसका जादू ही तो है कि इस फिल्म की रिलीज के बाद से लगातार किताबें लिखी जा रही हैं और यह सिलसिला नई सहस्राब्दी के शुरू हो जाने के बाद भी थमा नहीं है।
विज्ञापन

3 of 10
शोले - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
फिल्म के निर्देशक रमेश सिप्पी मानते हैं कि शोले की सफलता में इसके ध्वनि प्रभावों का मुख्य हाथ रहा। वह बताते हैं, 'जय द्वारा उछाले गए सिक्के का चट्टान पर गिरकर खनकना, ठाकुर की हवेली में लगे झूले की किरकिराहट, रेल इंजन से निकली भाप का बंदूक की गोली की आवाज से साम्य और गब्बर सिंह के परदे पर आगमन के समय आती सियारों के रोने सी आवाज, ये सब चीजें मिलकर एक अलग प्रभाव पैदा करती हैं।' सिप्पी मानते हैं कि यह ध्वनि प्रभाव ही था जिसने 'शोले' को मुंबई के मिनर्वा सिनेमाघर से लगातार पांच साल तक उतरने नहीं दिया। मालती सहाय व विमल दिसानायके ने 'शोले: ए कल्चरल रीडिंग' में 'शोले' का पोस्टमार्टम किया था, हालांकि वे दोनों फिल्म की सफलता में महती भूमिका निभाने वाले किसी स्पष्ट कारक तक पहुंचने में तो सफल नहीं रहे, पर वहीं से नींव पड़ी थी इस कालजयी फिल्म को हिट कराने में काम आए तत्वों की खोज करने की। यह खोज आज भी जारी है।

4 of 10
शोले के एक सीन में धर्मेंद्र, जगदीप और अमिताभ - फोटो : सोशल मीडिया
कुछ समीक्षकों का मानना है कि 'शोले' में रमेश सिप्पी ने अकीरा कुरोसावा की फिल्ममेकिंग में वेस्टर्न स्टाइल का घालमेल किया था, जो उस समय के हिंदी सिनेमा के लिए कतई नया था। लेकिन, इस बात से भी सहमत नहीं हुआ जा सका क्योंकि फिल्म में अमिताभ बच्चन द्वारा निभाए गए जय के किरदार के अलावा किसी अन्य का चित्रण वेस्टर्न स्टाइल में नहीं हुआ। अपनी गिरफ्तारी से बेफिक्र जय का ट्रेन में वीरू के सामने बैठे पुलिस अफसर से होती गप्पों से कोई वास्ता नहीं होता। न ही उसे इस बात की फिक्र है कि उसका दोस्त पानी की टंगी पर चढ़कर आत्महत्या करने को उतारू है। वह अपने में मगन है और प्लेट में चाय की चुस्कियां लेता रहता है। नायक की यह मस्तमौला छवि पश्चिमी फिल्मों की देन कही जा सकती है।
विज्ञापन

5 of 10
शोले - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
'शोले' के कथासार के बारे में नसरीन मुन्नी कबीर की किताब 'टॉकिंग फिल्म्स' में एक जगह फिल्म के सह पटकथा लेखक जावेद अख्तर कहते हैं कि 'शोले' की कहानी दो दिग्गजों के टकराव पर आधारित है। पहला एक खूंखार डाकू गब्बर सिंह, जिसके आतंक से बच्चे भी रात को डरकर सो जाते हैं और दूसरा वृद्ध व रिटायर्ड पुलिस अफसर ठाकुर, जो अपने परिवार के सामूहिक कत्ल का बदला लेना चाहता है। सत्तर के दशक की शुरुआत में लोगों का जब प्रजातंत्र से विश्वास उठ रहा था तो उन्हीं दिनों यह फिल्म रिलीज हुई थी। गौर करने वाली बात है कि फिल्म में एक अपाहिज ठाकुर अपने गांव के लिए कहर बन गए खूंखार डाकू गब्बर सिंह से मुकाबले के लिए पुलिस के पास मदद मांगने नहीं जाता। वह पुलिस के पास जाता है तो दो छुटभैये अपराधियों की खोज के लिए जिनका कि इस्तेमाल वह गब्बर के मुकाबिल करने वाला है। पुलिस इस काम में उसकी मदद करती भी है।
विज्ञापन

6 of 10
शोले - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
फिल्म में आपातकाल के पहले व्यवस्था के चरमराने की शुरूआत का यह परोक्ष संकेत था कि व्यवस्था से आस करना बेकार है जो कुछ करना होगा, जनता को खुद ही करना होगा। एक तरह से तो यह व्यवस्था पर सीधी चोट थी, लेकिन ज्यादातर बेमतलब की बातों पर बवाल मचाने वाले सेंसर बोर्ड की नजरों में यह बात आ नहीं सकी। पटकथा लेखन में ऐसे और तमाम कमेंट्स चतुराई से बुने गए थे।  मसलन, रामगढ़ में पानी की टंकी दिखाई जाती है, पर ठाकुर की हवेली तक में हर बार उसकी विधवा बहू केरोसीन लैंप जलाती दिखाई जाती है। मतलब कि विद्युत आपूर्ति की बदहाली ने भी चोर उचक्कों का काम देश के भीतरी इलाकों में काफी आसान कर रखा था।
विज्ञापन

7 of 10
sholay
लेकिन, ये तो हमारी और आपकी नजर है 'शोले' को देखने की और उसे समझने की। फिल्म को लोगों ने और भी कई नजरियों से देखा-परखा। पढ़कर शायद अचरज हो पर सच ये है कि दो साल पहले ब्रिटिश फिल्म इंस्टीट्यूट में समलैंगिकों के सिनेमा समारोह में भी 'शोले' का प्रदर्शन करके यह स्थापित करने की कोशिश की गई थी कि इस फिल्म के दोनों नायकों जय व वीरू में साधारण दोस्ती के अलावा भी रिश्ते थे। मोटरसाइकिल पर दोनों द्वारा गाए गाने 'ये दोस्ती हम नहीं छोड़ेंगे' का संदर्भ देते हुए तब इस बात की ओर भी इशारा किया गया था कि जय का वीरू के कंधे पर बैठ माउथ आर्गन बजाना व उसके बालों में उंगली फेरना इसी का परिचायक है। एक समीक्षक ने तब बसंती की मौसी से शादी की बात करने गए जय द्वारा वीरू की बुराइयों को उजागर करने का मामला भी इसी से जोड़ दिया गया था। यह एक कालजयी फिल्म के विश्लेषण का बेहद चौंकाऊ व सनसनीखेज विश्लेषण था।

8 of 10
Sholay - फोटो : Social Media
लेकिन, देखा जाए तो फिल्म में कुछ सवाल जानबूझकर अनुत्तरित छोड़ दिए गए थे और इन्होंने भी फिल्म की रिपीट वैल्यू बढ़ाने में काफी सहयोग किया। मसलन, काम पर निकले सचिन की मौत कैसे हुई? गब्बर ने उसे कैसे मारा, यह दर्शकों की कल्पनाशक्ति पर छोड़ दिया गया। या फिर, ठाकुर के पोते को गब्बर ने गोली कहां मारी? गब्बर की बंदूक से निकली गोली की आवाज रेल के इंजन से निकली भाप में समा जाती है और हवेली पहुंचकर ठाकुर जब अपने पोते की लाश से कफन उठाता है, तब भी दर्शकों को ये साफ नहीं हो पात कि आखिर गोली लगी कहां?

9 of 10
sholay - फोटो : social media
कहा जाता है कि 'शोले' में हिंसा बहुत है, पर ध्यान देने की बात है कि फिल्म में खून गिनी चुनी जगह ही परदे पर दिखता है। या तो यह लाली बसंती के 'जब तक है जां' में दिखती है या फिर गब्बर पर हमले के दौरान जय के घायल होने या आखिर में जय के मरने वाले दृश्यों में ही परदे पर खून बिखरा नजर आता है। हिंदी फिल्मों में डकैत तो कई हुए, पर गब्बर जैसा निर्दयी व क्रूर डकैत शायद ही देखने को मिले। कौन ऐसा डकैत होगा जो एक पुलिस अफसर को हाथ काट देने के बाद भी जिंदा जाने देगा? कौन डकैत होगा जो अपने सिर पर रखे इनाम को ताज की तरह पहनता होगा? बच्चों की मांएं जिसके नाम का डर बच्चों को सुलाने में इस्तेमाल करती हों, ऐसा डकैत भी कम ही सुनने में आता है।
विज्ञापन

10 of 10
शोले - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
फिल्म में शहरी और ग्रामीण संस्कृति का संगम इतनी बारीकी से गढ़ा गया कि गांव हो या महानगर, हर जगह के दर्शकों पर इस काले जादू ने गजब का असर किया और यह शोले का अनसुलझा जादू ही है कि हर बार देखने पर यह फिल्म आज भी नई ही लगती है। आज के बाइस्कोप में इतना ही, कल बात करेंगे एक और ओल्डी गोल्डी की..। सिलसिला जारी है।

पढ़ें: बाइस्कोप: अमिताभ, रेखा और जया की 'सिलसिला' को हुए 39 साल, देखिए शूटिंग लोकेशन की दिलचस्प तस्वीरें
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें