राज तिलक
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
कमल हासन और सारिका की मोहब्बत का दस्तावेज
‘राज तिलक’ में ये टोली रही कमल हासन और सारिका वाली। कमल हासन तब 30 साल के हो रहे थे और सारिका रही होंगी कोई 24 की। दोनों एक तमिल फिल्म पहले भी साथ साथ कर चुके थे, ‘टिक टिक टिक’ जिसमें सारिका ने मिस इंडिया का स्पेशल रोल किया और कमल हासन बने एक ऐसे फोटोग्राफर जिस पर खूबसूरत लड़कियों के कत्ल का शक होने लगता है। साल 1981 में बनी फिल्म ‘टिक टिक टिक’ से साल 1984 में रिलीज हुई फिल्म ‘राज तिलक’ तक आते आते कमल हासन और सारिका की मोहब्बत अपने पूरे शबाब पर थी। दो साल बाद 1986 में श्रुति हासन का जन्म हुआ और उसके दो साल बाद यानी 1988 में अपनी पहली पत्नी वाणी गणपति से तलाक लेने के बाद कमल हासन ने सारिका से शादी कर ली।
राज कुमार कोहली निर्देशित ‘राज तिलक’ कमल हासन और सारिका की छोटी बेटी अक्षरा हासन की सबसे पसंदीदा फिल्म रही है। पसंदीदा फिल्म ये लाखों उन लोगों की भी है जो राजकुमार, धर्मेंद्र, सुनील दत्त, कमल हासन, हेमा मालिनी, रीना रॉय, रंजीता, योगिता बाली, रजा मुराद, राज किरन, अजीत, ओम प्रकाश, सारिका और प्राण के प्रशंसक रहे। ये तो बस वे कलाकार हैं जिन्हें शायद आज की पीढ़ी भी पहचान लेती है, इसके अलावा फिल्म में दर्जन भर और कलाकार भी हैं जो तब के समय में नामचीन हुआ करते थे। श्रुति हासन से उनकी पसंदीदा फिल्मों पर बात किए हुए अरसा हो गया। ये बातचीत याद इसलिए फिर से हो आई क्योंकि तब अपनी पसंदीदा फिल्में गिनाते हुए उन्होंने ‘राज तिलक’ का भी जिक्र किया था।
पढ़ें: बाइस्कोप: पहली ही फिल्म में सलमान का इस बात को लेकर हो गया पंगा, हीरोइन ने इंडस्ट्री ही छोड़ दी