मेजर साब
- फोटो : सोशल मीडिया
फिल्म मेजर साब की कमजोर कड़ी रही इसका लेखन जिसे अंजाम दिया था संतोष सरोज और रॉबिन भट्ट ने। फिल्म की कहानी कमजोर रही और इसकी पटकथा में भी दर्शकों को काफी झोल नजर आए। फिल्म के कम से कम दो गाने बेतरतीबी से रखे गए। इन गानों को लोगों ने रिलीज से पहले भले काफी पसंद किया हो लेकिन फिल्म की रफ्तार में इन गानों ने बाधा ही पहुंचाई। हां, फिल्म का सुपरहिट गाना सोणा सोणा बड़े परदे पर देखने के लिए दर्शकों में खूब बेकरारी दिखी। ये गाना दरअसल संगीतकार आदेश श्रीवास्तव ने के सी बोकाडिया की फिल्म लाल बादशाह के लिए रिकॉर्ड किया था। फिल्म के निर्माता के सी बोकाडिया से अमिताभ बच्चन मनुहार करके ये गाना मेजर साब में ले आए थे। फिल्म के बाकी सारे गाने आनंद राज आनंद ने बनाए थे लेकिन आदेश का ये एक गाना मेजर साब के बाकी सारे गानों पर भारी पड़ गया।
फिल्म मेजर साब अमिताभ बच्चन के दिल के काफी करीब रही फिल्म है। और, इसीलिए उन्होंने फिल्म में अपनी निजी जिंदगी का वो लम्हा इस्तेमाल करने की इजाजत दे दी जिसके बारे में तब तक मालूम ही बहुत कम लोगों को था। फिल्म कुली में लगी चोट के बाद इलाज के दौरान एक बार ऐसा भी हुआ था कि अमिताभ की सांसें रुक गई थीं। सबने आस छोड़ दी थी। जया बच्चन की हालत बहुत खराब थी और लोगों ने उन्हें वहां से ले जाने के लिए उनको सहारा दिया। बताते हैं कि जया वहां से जाने ही वाली थीं कि अमिताभ का जो हाथ जया के हाथ में था उसमें जुंबिश हुई। आईसीयू में खड़े डॉक्टर ये देख हतप्रभ रह गए। अमिताभ भी इसे ईश्वर का चमत्कार ही मानते हैं और इस दिन (2 अगस्त) को अपना दूसरा जन्मदिन मानते हैं। इस पूरी घटना को फिल्म मेजर साब के एक सीन में टीनू आनंद ने हू ब हू दोहरा दिया है। बस असल जिंदगी में जहां जया बच्चन थीं, वहां फिल्म के सीन में अजय देवगन हैं। आज के बाइस्कोप में इतना ही, कल बात करेंगे एक और ओल्डी गोल्डी की..। सिलसिला जारी है।
पढ़ें: बाइस्कोप: अमिताभ के गुस्से से नहीं बच पाए इस फिल्म के डांस मास्टर, नाचने पर किया कमेंट तो फिर...
(बाइस्कोप अमर उजाला डिजिटल का दैनिक कॉलम है जिसमें हम उस दिन रिलीज हुई किसी पुरानी फिल्म के बारे में चर्चा करते हैं।)