फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बाइस्कोप: जब रवीना के सामने खुल गई अक्षय कुमार की पोल, इसी फिल्म की शूटिंग के दौरान हुआ ‘ब्रेकअप’

विज्ञापन
1 of 8
मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
अपने नाम के साथ बिहार का नाम जोड़ने से कतराने वाले उदीयमान अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत के बाद नेपोटिज्म का मुद्दा खूब उछला। करण जौहर तब इंटरनेट पर ट्रोल्स के निशाने पर रहे और अब भी वह इन हमलों से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं। सब कुछ ठीक चल रहा होता तो शायद इस महीने वह 26 साल पहले रिलीज हुई एक सुपरहिट फिल्म ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’ के रीमेक पर काम कर रहे होते। उनकी मंशा यही थी। लेकिन, पहले कोरोना, फिर वंशवाद का मुद्दा और अब ड्रग्स पार्टी में आ रहे उनके नाम से लगता यही है कि धर्मा प्रोडक्शंस को लगी नजर हाल फिलहाल उतरने वाली नहीं है। देव आनंद के बेटे सुनील आनंद को लेकर फिल्म ‘कार थीफ’ से अपना करियर बतौर निर्देशक शुरू करने वाले समीर मलकान ने अपनी दूसरी ही फिल्म में हिंदी सिनेमा को एक सुपरहिट जोड़ी दे डाली। फिल्म ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’ से कुछ ही हफ्तों पहले रिलीज हुई थी अक्षय कुमार, सैफ अली खान और काजोल की फिल्म ‘ये दिल्लगी’। अक्षय और सैफ की कॉमिक टाइमिंग लोगों को इसमें पसंद आई। इस फिल्म के हैंगओवर का फायदा मिला फिल्म ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’ को। पहले ‘एक अनाड़ी एक खिलाड़ी’ के नाम से बनने जा रही ये फिल्म 23 सितंबर 1994 को रिलीज हुई और इसने कामयाबी के जो झंडे गाड़े, उसने अक्षय और सैफ की झोली में बतौर जोड़ीदार कई और फिल्में भी बना डालीं। और, हां, एक एफआईआर भी।
विज्ञापन

2 of 8
मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
खिलाड़ी सीरीज की दूसरी फिल्म
फिल्म ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’ अक्षय की खिलाड़ी सीरीज की फिल्मों में गिनी जा सकने वाली दूसरी फिल्म है। 1992 में उनकी फिल्म ‘खिलाड़ी’ रिलीज हुई और उसके दो साल बाद आई फिल्म ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’। इस फिल्म के बाद अक्षय ने साल 1995 में ‘सबसे बड़ा खिलाड़ी’, 1996 में ‘खिलाड़ियों का खिलाड़ी’, 1997 में ‘मिस्टर और मिसेज खिलाड़ी’, 1999 में ‘इंटरनेशनल खिलाड़ी’, 2000 में ‘खिलाड़ी 420’ और साल 2012 में ‘खिलाड़ी 786’ जैसी फिल्में की हैं। इन फिल्मों को खिलाड़ी सीरीज की फिल्मों के तहत गिना जाता है। ध्यान रहे कि इन सारी फिल्मों का एक दूसरे से कोई लेना देना नहीं है, बस खिलाड़ी शब्द अक्षय कुमार की एक्शन इमेज से चिपक चुका है, खासतौर से फिल्म ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’ का रिव्यू कुछ ऐसे वेबसाइट्स पर प्रकाशित होने के बाद जिन पर सिर्फ हॉलीवुड की एक्शन फिल्मों के रिव्यू प्रकाशित हुआ करते थे। वहीं से अक्षय को एक्शन हीरो का तमगा भी मिला और अक्षय कुमार की टीम की ये उनकी ब्रांडिंग की पहली बड़ी और सफल कोशिश भी मानी जाती है।
विज्ञापन

3 of 8
मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
सैफ के करियर की पहली सुपरहिट फिल्म
आज के बाइस्कोप की फिल्म ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’ का जिक्र करते समय कुछ देर पहले मैंने पुलिस में दर्ज एक एफआईआर का जिक्र किया था, ये एफआईआर दर्ज हुई थी इस फिल्म के दूसरे हीरो सैफ अली खान के खिलाफ। सैफ अली खान को बड़े अरमानों के साथ यश चोपड़ा ने अपनी फिल्म ‘परंपरा’ में लॉन्च किया था। साथ में उस समय के दिग्गज कलाकार आमिर खान, विनोद खन्ना और सुनील दत्त भी थे, लेकिन फिल्म फ्लॉप हो गई। इसके बाद उनकी अगली फिल्म ‘आशिक आवारा’ भी कोई खास कमाल बॉक्स ऑफिस पर नहीं दिखा पाई। इंडस्ट्री में ये चर्चा होने लगी थी कि पटौदी के नवाब मंसूर अली खान और शर्मिला टैगोर का ये बेटा ज्यादा दूर तक जा नहीं पाएगा। सैफ की दो और फिल्में ‘पहचान’ और ‘इम्तिहान’ भी जब फ्लॉप हो गईं तो उनके करियर का टर्निंग प्वाइंट बनकर आई फिल्म ‘ये दिल्लगी’। इस फिल्म में पहली बार लोगों ने सैफ के काम की तारीफ की।

4 of 8
मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
सैफ की फ्लॉप फिल्मों का पहला रिकॉर्ड
निर्देशक नरेश मल्होत्रा को फिल्म ‘ये दिल्लगी’ यश चोपड़ा ने उनसे फिल्म ‘डर’ का पूरा सेटअप ले लेने के बाद दी थी। कम लोगों को ही पता होगा कि फिल्म ‘डर’ की पूरी कहानी और कलाकारों पर पहला काम फिल्म एडीटर से डायरेक्टर बने नरेश मल्होत्रा ने ही किया था। ‘ये दिल्लगी’ के कुछ ही हफ्तों बाद रिलीज हो गई थी फिल्म ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’ और इसी फिल्म के बाद लोगों ने सैफ अली खान को पहचानना भी शुरू कर दिया। सैफ और अक्षय ने इसके बाद फिल्म ‘तू चोर मैं सिपाही’, ‘कीमत’ ‘आरजू’ और ‘टशन’ में भी साथ काम किया है। लेकिन, फिल्म ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’ की रिलीज के बाद सैफ अली खान के खिलाफ जो एफआईआर दर्ज हुई उसने सैफ के करियर पर बहुत बुरा असर डाला। फिल्म ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’ के बाद फिल्म ‘कच्चे धागे’ उनकी अगली हिट फिल्म रही और इस बीच उनके खाते में बैक टू बैक 12 फ्लॉप फिल्में दर्ज हुईं। ये इनके करियर का वैसा ही कुछ दौर रहा, जैसा फिल्म ‘रेस 2’ के बाद सीधे फिल्म ‘तानाजी’ के हिट होने का रहा।
विज्ञापन

5 of 8
मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
‘समलैंगिक’ कहने वाले की कर दी पिटाई
अब चलिए आपको बता ही देते हैं कि आखिर सैफ अली खान के खिलाफ फिल्म ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’ की रिलीज के बाद एफआईआर दर्ज क्यों हुई? सैफ अली खान की दबंगई का हिंदी सिनेमा का ये पहला ऐसा किस्सा रहा जिसकी तरफ पूरी दुनिया का ध्यान गया। सैफ अली खान इसके बाद एक रेस्तरां में मारपीट के बाद भी गिरफ्तार हो चुके हैं। फिल्म ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’ के बाद का किस्सा घर में घुसकर मारपीट करने का है। हुआ यूं था कि उस समय समलैंगिंक अधिकारों के चर्चित एक्टिविस्ट अशोक राव कवी से उनका पंगा हो गया था। कवी ने अपने एक आलेख में फिल्म ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’ में सैफ अली खान और अक्षय कुमार के ब्रोमांस को समलैंगिक प्रेम समझा और इस बारे में विस्तार से लिखा भी। कवी का ये भी तब कहना था कि एक टीवी शो में शर्मिला टैगोर को लेकर की गई एक टिप्पणी से भी सैफ उनसे काफी नाराज थे। कवी की दर्ज कराई गई एफआईआर के मुताबिक सैफ अली खान एक दिन उनके घर आए और उन्हें चेहरे पर जोर से हिट किया। उन्हें बचाने आईं उनकी मां के साथ भी सैफ ने बदतमीजी की। ये मुकदमा लंबा चला। कवी का आरोप रहा है कि पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई नहीं की। बाद में सैफ के अदालत पहुंचकर अपने व्यहार के लिए माफी मांगने के बाद ही इस मामले की इति हो सकी। सैफ का पंगा पब्लिक था तो फिल्म ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’ में एक पंगा अक्षय कुमार का भी चल रहा था जो थोड़ा पर्सनल था।
विज्ञापन

6 of 8
मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
रवीना को पता चली असलियत
अक्षय कुमार शुरू से दिलफेंक किस्म के हीरो रहे हैं, ये बात तो सब जानते हैं, लेकिन वे ये काम इतने शातिराना अंदाज से करते रहे हैं कि एक साथ काम करने वाली हीरोइनें भी नहीं जान पाती थीं कि आखिर उनके आसपास हो क्या रहा है। बताते हैं कि फिल्म ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’ जब बन रही थी तो रवीना टंडन ने इस वजह से नई फिल्में साइन करना करीब करीब बंद कर दिया था क्योंकि वह अक्षय कुमार के साथ घर बसाने की तैयारियां शुरू कर चुकी थीं। फिर इस फिल्म में अक्षय के करीब आईं शिल्पा शेट्टी। फिल्म की शूटिंग के समय की तमाम तस्वीरें अब भी शिल्पा ने संभाल कर रखी हैं और हाल ही में जब मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान का निधन हुआ तो उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए जो तस्वीर शिल्पा ने सोशल मीडिया पर साझा की वह फिल्म ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’ की शूटिंग के दिनों की ही है। इस फोटो में अक्षय कुमार भी साफ नजर आ रहे हैं और शिल्पा शेट्टी का चेहरा वैसा ही चमक रहा है, जैसा मोहब्बत में पगी किसी युवती का खुशी से होता है। फिल्म ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’ में रवीना टंडन का एक गाने में स्पेशल अपीयरेंस है और इसी फिल्म की शूटिंग के दौरान बताते हैं कि रवीना टंडन को अक्षय कुमार का खेल समझ आ गया था। शिल्पा और अक्षय की करीबियां खुद देखने के बाद रवीना ने अपनी शादी कैंसिल की। उन्होंने शिल्पा से कहा भी था कि जिस वजह से आज उनका दिल टूटा है वैसी ही वजह से किसी दिन उनका दिल भी टूटेगा, और ये बात बाद में सच भी साबित हुई।
विज्ञापन

7 of 8
मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
हॉलीवुड फिल्म ‘द हार्ड वे’ से प्रेरित
फिल्म ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’ की कहानी हिंदी फिल्मों की तमाम हिट पटकथाएं लिखने वाले सचिन भौमिक की कलम का कमाल है। सचिन भौमिक को अंग्रेजी फिल्मों के सूत्र उठाकर खालिस देसी फिल्में बना देने का मास्टर माना जाता है। ये फिल्म भी सचिन भौमिक ने एक हॉलीवुड फिल्म ‘द हार्ड वे’ से प्रेरित है। इस फिल्म में माइकल जे फॉक्स और जेम्स वूड की कहानी को सचिन भौमिक ने थोड़ा सा कॉमेडी टच देकर देसी तड़का लगा दिया है। फिल्म में सैफ अली खान का किरदार सबसे पहले सलमान खान के पास गया जिन्होंने काम की अधिकता की वजह से फिल्म के निर्माता चंपक जैन से माफी मांग ली थी। बाद में ये रोल शाहरुख के पास गया जिन्होंने फिल्म में अक्षय की जगह ओम पुरी या नसीरुद्दीन शाह को लेने की सिफारिश की, जिसे निर्माताओं ने माना नहीं। इसके बाद ये फिल्म सैफ अली खान के पास आई। फिल्म को हिट कराने में इसके संगीत का बहुत बड़ा हाथ रहा। रानी मलिक, हसरत जयपुरी, राहत इंदौरी, माया गोविंद और अनवर सागर के लिखे गानों को फिल्म में अनु मलिक ने संगीत बद्ध किया है। फिल्म का सबसे सुपरहिट गाना रहा, ‘चुरा के दिल मेरा...गोरिया चली..!’

विज्ञापन

8 of 8
मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
चलते चलते...
फिल्म ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’ की मेकिंग के वैसे तो तमाम किस्से और भी हैं, लेकिन एक किस्सा इसकी फिल्म की रिलीज से ठीक पहले के प्रमोशंस का भी है। एड्स के खिलाफ काम करने वाली एक संस्था ने फिल्म के कलाकारों को अपने खर्चे पर दिल्ली में एक कार्यक्रम के लिए बुलाया था। कार्यक्रम में जब सारी बातें फिल्म ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’ की ही होती रहीं तो आयोजकों में से एक ने जाकर अक्षय कुमार के मुंह के आगे माइक कर दिया और सवाल पूछ दिया, ‘अब अक्षयजी, आपको एड्स के बारे में कुछ कहना है?’ अक्षय को पता तो था कि इस कार्यक्रम का खर्चा एड्स के खिलाफ काम करने वाली संस्था कर रही है, लेकिन उन्हें इस सवाल का अंदाजा नहीं था कि ये ऐसे पूछ लिया जाएगा। अक्षय को कुछ देर तक तो समझ नहीं आया कि क्या जवाब दें। उन्होंने सैफ की तरफ देखा तो सैफ की हंसी छूट गई। लेकिन इसी हंसी में अक्षय को सवाल का जवाब भी मिल गया। अक्षय कुमार बोले, ‘दोस्तों, अनाड़ी मत बनो, कंडोम इस्तेमाल करो और खिलाड़ी बनो।’ आज के बाइस्कोप में इतना ही, कल बात करेंगे एक और ओल्डी गोल्डी की..। सिलसिला जारी है।

पढ़ें: बाइस्कोप: रामसे के हॉरर साम्राज्य को इस फिल्म ने दी सीधी चुनौती, रंजीता के साथ मिथुन ने लगाई हैट्रिक
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें